हरियाणा के हिसार में आंधी-तूफान के कारण 2 लोगों की मौत हो गई। दोनों लोग हिसार में मोटरसाइकिल पर अपने घर जा रहे थे। वहीं शुक्रवार को राजस्थान से सटे जिलों में लू का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इसलिए लोगों को सतर्क रहने की जरूरत है। साथ ही कुछ जिलों में बारिश की भी संभावना है। वहीं, हरियाणा के अधिकतम तापमान में 7.9 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई। भारत मौसम विज्ञान विभाग केंद्र चंडीगढ़ (IMD) के अनुसार शुक्रवार को हरियाणा के 6 जिलों में लू का ऑरेंज अलर्ट और 4 जिलों में लू का यलो अलर्ट है। इसके अलावा 6 जिलों में बारिश हो सकती है और 6 जिलों में मौसम सामान्य रहेगा।
हिसार में आंधी-तूफान से 2 की मौत
हिसार के बरवाला में तेज आंधी तूफान से दो युवकों की मौत हो गई। हादसे में छान निवासी सुरेश (32) और राखी शाहपुर निवासी रुपेश (20) की मौत हो गई। दोनों बाइक पर घर जा रहे थे। छान निवासी सुरेश कुमार बनभौरी से बाइक पर सवार होकर दुकान से अपने घर गांव छान जा रहा था। रात को तेज आंधी के चलते नीम का एक पेड़ सुरेश कुमार के ऊपर टूट कर गिर गया। राहगीरों ने उसे संभाला व उपचार के लिए बरवाला के सरकारी अस्पताल में लेकर गए। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सुरेश विवाहित था व इलेक्ट्रिशियन की दुकान चलाता था। उधर, जींद मार्ग पर नहर के पास आंधी के कारण सड़क पर गिरे पेड़ से टकराकर गांव राखी शाहपुर निवासी 20 वर्षीय रुपेश की मौत हो गई। रुपेश बाइक पर सवार होकर खेत से गांव खरक पूनिया जा रहा था। पिछले काफी समय से गांव खरक पूनिया में अपने नाना के यहां रहता था। बरवाला के गवर्नमेंट कालेज में पढ़ाई कर रहा था। पुलिस ने मृतक के मामा गुरदीप के बयान पर इत्तफाकिया कार्रवाई की है।