चंडीगढ़: हरियाणा पुलिस नए साल पर फोरेंसिक लैब में 64 नए पदों पर भर्ती करने जा रही है। इसके लिए पुलिस महानिदेशक (DGP) अजय सिंघल ने प्रस्ताव तैयार किया है। नए साल के टारगेट फिक्स करते हुए पुलिस महानिदेशक ने इसका प्लान तैयार किया है। जिसके तहत एफएसएल, आरएफएसएल और जिला फोरेंसिक इकाइयों के लिए 86.38 करोड़ रुपए के आधुनिक उपकरण खरीदे जाएंगे।
हिसार और पंचकूला में नए डीएनए डिवीजन स्थापित किए जाएंगे और भोंडसी व हिसार स्थित आरएफएसएल भवनों के विस्तार पर 32.58 करोड़ रुपए की स्वीकृत राशि का उपयोग तेजी से किया जाएगा। डीजीपी सिंघल ने कहा है कि हरियाणा पुलिस का लक्ष्य है कि हर प्रकार की फोरेंसिक रिपोर्ट अधिकतम 30 दिनों के भीतर उपलब्ध कराई जाए।
243 नए पद स्वीकृत हो चुके
प्रदेश में फ़ोरेंसिक सेवाओं को मजबूत बनाने के लिए सरकार ने अब तक का सबसे बड़ा मानव संसाधन विस्तार किया। कुल 243 नए पद स्वीकृत किए गए, जिनमें से 97 पदों पर नियुक्तियां पूरी हो चुकी हैं और पदों पर भर्ती प्रक्रिया तेजी से चल रही है। अधिक वैज्ञानिक और तकनीकी विशेषज्ञों के जुड़ने से जांच की गति बढ़ी है, रिपोर्ट अधिक सटीक और वैज्ञानिक आधार पर तैयार हो रही हैं और फोरेंसिक कार्यप्रणाली की विश्वसनीयता में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है।

