हरियाणा में आज मौसम विभाग ने 8 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया है। इनमें गुरुग्राम, महेंद्रगढ़, चरखी दादरी, भिवानी, रेवाड़ी, झज्जर, रोहतक, हिसार शामिल हैं। अधिकतर जिलों में बादल छाए हुए हैं।
सुबह जींद, सफीदों, जुलाना, बरवाला, हांसी, नारनौंद, भिवानी, मुंढाल, बवानीखेड़ा, तोशम, राजौंद, महम, लाखनमाजरा, कलानौर, कोसली, चरखी दादरी और झज्जर के कुछ स्थानों पर बारिश हुई। हिसार के मटका चौक् स्थित पौधों की नर्सरी पर बिजली गिर गई। इसके बाद वहां लगे पेड़ में भीषण आग लग गई। इसके अलावा, वहां रखे गमले भी टूट गए। वहीं पंजाब में लगातार दूसरे दिन 13 जिलों में हीटवेव का अलर्ट है। इनमें गुरदासपुर, अमृतसर, तरनतारन, फिरोजपुर, फरीदकोट, मुक्तसर, फाजिल्का, मोगा, बठिंडा, बरनाला, मानसा, लुधियाना और संगरूर शामिल हैं। कल 27 जून से तापमान में गिरावट देखने को मिलेगी। बारिश और तेज हवा चलने की वजह से हरियाणा का औसतन तापमान 1.4 डिग्री तक गिरा है, जबकि पंजाब के औसतन तापमान में 0.7 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई है। चंडीगढ़ में बदलाव देखने को नहीं मिला है। यहां तापमान 40 डिग्री के आसपास है। वहीं हिमाचल के मध्यम और ऊपरी इलाकों में लगातार बारिश हो रही है।

