हरियाणा के 23वें जिले हांसी को पहला डीसी मिल गया है। सरकार ने 2016 बैच के IAS अधिकारी राहुल नरवाल को यह जिम्मेदारी दी है। राहुल नरवाल वर्तमान में ग्रामीण विकास विभाग, सूचना प्रौद्योगिकी, इलेक्ट्रॉनिक्स एवं संचार विभाग के निदेशक व विशेष सचिव और कॉनफेड के प्रबंध निदेशक के पद पर कार्यरत थे।
16 दिसंबर को CM नायब सैनी ने हांसी को जिला बनाने कि घोषणा की थी। इसके बाद डीसी की नियुक्ति से करीब 9 दिन पहले यानी 22 दिसंबर को हांसी के जिला बनने का नोटिफिकेशन जारी किया गया था।
HAU से पढ़े हैं राहुल नरवाल
IAS बनने से पहले राहुल नरवाल ने हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय (HAU), हिसार से पशु चिकित्सा विज्ञान में B.V.Sc. & AH की पढ़ाई की है। हरियाणा के नए जिले के प्रशासनिक ढांचे को मजबूत करने की दिशा में यह नियुक्ति महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है। झज्जर में हुई सबसे पहली पोस्टिंग राहुल नरवाल को सबसे पहली पोस्टिंग 2019-20 में बेरी (झज्जर) के एसडीएम के रूप में मिली थी। इसके बाद वह कई प्रशासनिक पदों पर रह चुके हैं। वर्ष 2020- 2021 में उन्होंने चरखी दादरी में एडीसी के तौर पर सेवाएं दीं। वह भिवानी के एडीसी के पद पर भी कार्यरत रहे। 2022 में वह पानीपत नगर निगम के कमिश्नर बने।
डीसी के रूप में तीसरी नियुक्ति
बतौर डीसी राहुल नरवाल की यह तीसरी पोस्टिंग है। एक साल पहले उन्हें चरखी दादरी का डीसी बनाया गया था। इससे पहले वह फतेहाबाद में डीसी के तौर पर अपनी सेवाएं दे चुके हैं।

