हरियाणा में भीषण गर्मी का सेकेंड फेज चल रहा है। इस फेज के तीसरे दिन ही प्रदेश का पारा 47 डिग्री के पार हो गया है। इसको देखते हुए मौसम विभाग ने 20 जिलों में हीटवेव को लेकर ऑरेंज और यलो अलर्ट जारी किया है। 24 घंटे में सूबे का नूंह जिला सबसे गर्म रहा।यहां का तापमान 46.8 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। मौसम विभाग का कहना है कि 14 जून तक प्रदेश में हालात ऐसे ही बने रहेंगे। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि प्रदेश के दक्षिण-पश्चिमी जिलों में पारा 48 डिग्री तक जा सकता है।
इन जिलों में लू का अलर्ट
मौसम विभाग ने 13 जून को 20 जिलों को अलर्ट पर रखा गया है। जिन जिलों को ऑरेंज अलर्ट पर रखा गया है, उनमें सिरसा, फतेहाबाद, हिसार, जींद, भिवानी, रोहतक, चरखी दादरी, झज्जर, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, गुरुग्राम, फरीदाबाद, नूंह, पलवल शामिल हैं। जबकि पानीपत, सोनीपत, कैथल, पंचकूला, अंबाला, कुरुक्षेत्र में हीटवेव का यलो अलर्ट जारी किया गया है। 14 जून की रात से गर्मी से कुछ राहत मिल सकती है, लेकिन दिन में हालात ऐसे ही बने रहेंगे।

