हरियाणा के मुख्य सचिव (CS) अनुराग रस्तोगी को एक साल की एक्सटेंशन मिल गई है। उनकी इसी साल 30 जून को रिटायरमेंट थी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह की कमेटी ने सीएस को ये मंजूरी दी है। केंद्र सरकार की ओर से इसकी लिखित जानकारी राज्य सरकार को भेज दी है। रस्तोगी को एक्सटेंशन देने की हरियाणा सरकार ने केंद्र सरकार से सिफारिश की थी। मूल रूप से उत्तर प्रदेश (UP) के मुरादाबाद के रहने वाले अनुराग रस्तोगी 1990 बैच के IAS अधिकारी हैं। इससे पहले हिमाचल प्रदेश व ओडिशा के मुख्य सचिवों की तरह हरियाणा के मुख्य सचिव को छह माह का सेवा विस्तार मिलने की अटकलें लगाई जा रही थीं। केंद्र के एक साल के एक्सटेंशन के बाद अब अनुराग रस्तोगी जून 2026 तक हरियाणा के मुख्य सचिव रहेंगे।
सीनियॉरिटी को दरकिनार कर रस्तोगी को बनाया था CS प्रदेश में CS बनने की रेस में सीनियॉरिटी के हिसाब से सबसे आगे सुधीर राजपाल थे, जबकि, नंबर 2 पर सुमिता मिश्रा थीं। लेकिन हरियाणा सरकार ने इन दोनों की सीनियॉरिटी को दरकिनार कर रस्तोगी को मुख्य सचिव बनाया था। करीब 7 माह पहले जब सीनियॉरिटी का मुद्दा उठा था, तब सुधीर और सुमिता को लेकर बाहरी कैडर का होने की बात कही गई थी। उसका असर यहां देखने को मिला था।

