हरियाणा के मंत्री संदीप सिंह की सेक्सुअल हैरेसमेंट केस में मुसीबत और बढ़ गई है। उनके खिलाफ ACJM कोर्ट चंडीगढ़ में चालान पेश किया गया है। सुनवाई के बाद जज राहुल गर्ग की ओर से आरोपी संदीप सिंह को नोटिस भेजा गया है। उन्हें CRPC की धारा 207 के तहत चालान की कॉपी भी उपलब्ध करवाई गई है। अब इस मामले में 16 सितंबर को सुनवाई होगी। इसमें चार्जशीट के आधार पर संदीप सिंह के खिलाफ आरोप तय किए जाएंगे।
हरियाणा के प्रिंटिंग और स्टेशनरी राज्य मंत्री संदीप सिंह के खिलाफ यौन उत्पीड़न मामले में दाखिल की गई चार्जशीट में कई अहम खुलासे हुए हैं। चंडीगढ़ पुलिस ने चार्जशीट में लिखा है कि कोच यौन उत्पीड़न के क्राइम स्पॉट से पहले से ही परिचित थी। पुलिस ने कोच की फटी टी-शर्ट के संबंध में फोरेंसिक रिपोर्ट भी अटैच की है। रिपोर्ट के मुताबिक, शर्ट गर्दन पर फटी थी, लेकिन रिपोर्ट इस निष्कर्ष पर नहीं पहुंची है कि यह किसी बल के कारण फटी थी।
