चंडीगढ़: हरियाणा के PWD मंत्री रणवीर गंगवा ने अपने विभाग के एक SDO और JE के खिलाफ चार्जशीट के आदेश दिए हैं। वहीं, विभाग के SDE से भी स्पष्टीकरण मांगा है। इसके अलावा मंत्री ने एक्सईएन को भी उच्चाधिकारियों को चेतावनी जारी करने का निर्देश दिया है। मंत्री का यह आदेश बहादुरगढ़ दौरे के बाद आया है। उन्होंने इस दौरे पर रेस्ट हाउस में गंदगी देखी थी। साथ ही फर्नीचर में भी दीमक लगी देखी। इस पर मंत्री ने नाराजगी जताई थी, और विभाग के अधिकारियों पर लापरवाही का आरोप लगाया था।
3 पॉइंट में जानिए पूरा मामला…
- 26 जुलाई को किया दौरा: दरअसल, 26 जुलाई को मंत्री रणवीर गंगवा बहादुरगढ़ दौरे पर गए थे। इस दौरान वह रेस्ट हाउस भी पहुंचे। यहां उन्होंने कुछ समय बिताया। इसी दौरान उन्होंने गेस्ट हाउस में गंदा मैला सामान देखा। इतना ही नहीं, मंत्री ने फर्नीचर में दीमक भी लगी देखी। इससे वह मौके पर नाराज हुए।
- नियम 7 के तहत कार्यवाही के आदेश: उन्होंने मौके पर ही मौजूद अधिकारियों को लापरवाही का जिम्मेदार ठहराकर डांट लगाई। उन्होंने कहा कि गेस्ट हाउस का सामान खराब हो रहा है। इससे सरकारी पैसे का दुरुपयोग भी हो रहा है। इसके बाद मंत्री ने SDO राजेश तंवर और JE मोहित चौहान के खिलाफ हरियाणा सिविल सेवा नियम-7 के तहत चार्जशीट करने के आदेश दिए।
- एक्सईएन को वॉर्निंग जारी की: कैबिनेट मंत्री गंगवा ने इस लापरवाही के लिए उच्चाधिकारियों को भी जिम्मेदार ठहराया है। उन्होंने विभाग के SDE मुकेश शर्मा से भी स्पष्टीकरण मांग लिया है। गंगवा ने एक्सईएन अनिल रोहिला से भी कहा है कि उच्चाधिकारियों को चेतावनी जारी की जाए।
