चंडीगढ़: हरियाणा पुलिस को दिल की बीमारी लग गई है। पिछले 1 महीने में पुलिस के 5 कर्मचारियों की हार्ट अटैक से मौत हो गई। इनमें 2 की मौत पुलिस थानों और 3 की किसान आंदोलन की ड्यूटी में हुई। पुलिस की सेहत को लेकर गृहमंत्री अनिल विज अलर्ट हो गए हैं। उन्होंने अब सभी पुलिस थानों को हवादार और उनमें जिम बनाने के निर्देश जारी किए हैं।

गृह मंत्री अनिल विज ने चिट्ठी में लिखा-”नए पुलिस थानों के परिसर में जिम बनाया जाएगा, जबकि पुराने पुलिस थानों में एक आउटडोर या इनडोर जिम बनेगा। नए पुलिस थानों में बेहतर वास्तुकला, कुदरती रोशनी के साथ ठंडे रहने की व्यवस्था करने को कहा है। साथ ही थानों और पुलिस कार्यस्थलों में सेंट्रल कूलिंग सिस्टम के प्रावधान किए जाएं।”

इन 5 कर्मचारियों की हुई मौत
5 फरवरी को अंबाला सदर थाने में तैनात एक 30 वर्षीय सब-इंस्पेक्टर की मौत हो गई, जबकि नूंह में तैनात 45 वर्षीय इंस्पेक्टर तरुण दहिया की 1 फरवरी को मौत हो गई।
वहीं किसान आंदोलन की ड्यूटी के दौरान पानीपत के समालखा GRP में तैनात सब इंस्पेक्टर (SI) हीरालाल (58) की 16 फरवरी को मौत हो गई।
20 फरवरी को शंभू बॉर्डर पर तैनात सब इंस्पेक्टर कौशल कुमार (56) की मौत हो गई। ड्यूटी के दौरान अचानक कौशल कुमार की तबीयत खराब हुई थी।
टोहाना में पंजाब बॉर्डर पर तैनात पुलिसकर्मी SI विजय कुमार (40) की 20 फरवरी की देर शाम मौत हो गई। ड्यूटी के दौरान अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई।
किसान आंदोलन में मरे तीनों पुलिसकर्मियों को लेकर यही कहा गया कि उन्हें हार्ट अटैक आया है।

