अंबाला: हरियाणा में अंबाला के 3.8 फीट के दूल्हे नितिन और 3.6 फीट की दुल्हन आरुषि का चट मंगनी-पट ब्याह हुआ। 26 मार्च को दोनों की पहली बार मुलाकात हुई थी। पहली नजर में इस अनोखी जोड़ी ने एक-दूसरे को पसंद कर लिया। इसके 10 दिन बाद ही दोनों ने शादी कर ली। नितिन के पिता दुकान चलाते हैं, लेकिन रोपड़ की आरुषि के पिता का निधन हो चुका है। मां भी कोई घरेलू कामकाज करती हैं। ऐसे में जब तुरंत शादी की बात चली तो आरुषि की मां ने कहा कि खर्च जुटाने के लिए समय लगेगा। यह सुनकर नितिन ने कहा- ”मुझे दहेज नहीं, बस साथ चाहिए”। इतना सुनते ही दुल्हन का परिवार भी राजी हो गया। बता दें कि ये दोनों ड्वार्फिज्म (बौनेपन) से पीड़ित हैं। हालांकि, दोनों के माता-पिता और भाई-बहनों की हाइट सामान्य आदमी की तरह ही है।
दोनों ने शादी के बाद रिसेप्शन में एक-दूसरे के साथ डांस किया तो उनके वीडियो वायरल हो गए। उन्होंने खुलकर जिंदगी में आई मुश्किलों से लेकर रिश्ता तय होने और शादी होने पर बात की।

