मशहूर हरियाणवी सिंगर मासूम शर्मा के गानों के बाद, अब उनका इंस्टाग्राम अकाउंट भी भारत में बैन कर दिया गया है। मासूम शर्मा फैन पेज के नाम से बनाए इस अकाउंट में उनके साढ़े 7 लाख से ज्यादा फॉलोअर्स थे। इंस्टाग्राम अकाउंट बंद होते ही सिंगर मासूम शर्मा का गुस्सा फूट पड़ा।
उन्होंने कहा-
यह घटिया हरकत है। सरकार में उच्च पद पर बैठा बंदा ओछी हरकतों से बाज नहीं आ रहा है।

मासूम शर्मा ने यह भी कहा कि उनके UP के मेरठ और मध्यप्रदेश के ग्वालियर में भी कॉन्सर्ट बैन कराए गए हैं। बता दें कि कुछ समय पहले सरकार ने हिंसा और गन कल्चर को बढ़ावा देने की बात कहते हुए मासूम शर्मा के 10 गाने बैन कर दिए थे।
मासूम ने लिखा- मेरे साथ गलत हो रहा
इंस्टाग्राम अकाउंट बंद होने पर मासूम शर्मा ने खुद उसका स्क्रीनशॉट शेयर किया। जिसमें मासूम शर्मा ने लिखा- ”राम राम दोस्तों, पहले मेरे गाने बैन, फिर मेरठ और ग्वालियर के कॉन्सर्ट बैन और अब मेरे इंस्टाग्राम पेज को सरकार द्वारा बैन कर दिया गया है। हो सकता है, जिस अकाउंट से मैं पोस्ट कर रहा हूं, ये भी सुबह तक ना मिले। मेरे साथ गलत हो रहा है। आप मेरी ताकत हो, आप मेरे साथ यूं ही खड़े रहना।”
इंस्टाग्राम पर मासूम के 2 अकाउंट
इंस्टाग्राम पर सिंगर मासूम शर्मा के 2 अकाउंट हैं। उनके पर्सनल नाम से बने अकाउंट पर 20 लाख से ज्यादा फॉलोअर्स हैं। वहीं गानों की वीडियो प्रमोशन के लिए उन्होंने मासूम शर्मा फैन पेज के नाम से अलग अकाउंट बनाया था। इस पर उनके 7.61 लाख फॉलोअर्स हैं। जब उनकी टीम ने इसे खोलने की कोशिश की तो उसमें लिखा आया कि यह पेज उपलब्ध नहीं है।

