
चंडीगढ़: अयोध्या में भगवान श्री राम लला के नवविग्रह के प्राण प्रतिष्ठा के उपलक्ष्य में जहां पूरा देश राममय हो गया, वहां देव भूमि हिमाचल प्रदेश के 11 मुख हनुमान मंदिर धाम सुबाथू तलाब (कठनी) जिला सोलन में बाल ब्रहमचारी संत रघुवंशी द्वारा राम भगतों को अयोध्या में श्री राम मंदिर के उद्घाटन का लाइव प्रसारण दिखाया। उन्होंने राम भगतों को हनुमान की भगवान राम के प्रति आस्था के बारे में बताया और राम नाम जप अपना जीवन सफल बनाने को कहा। अयोध्या मंदिर की बात करते हुए उन्होंने कहा कि आज हम सभी के लिए बहुत खुशी का दिन है और इस पवित्र दिन को हम सभी को मिलकर मनाना चाहिए। उन्होंने कहा कि हमें भगवान श्री राम चन्द्र जी के जीवन से प्रेरणा लेनी चाहिए और उनके बताए मार्ग पर चलना चाहिए। इस मौके पर पूरा पंडाल भगवान श्री राम चंद्र जी के जयकारों से गूंज रहा था। इस अवसर उन्होंने मंदिर की बात करते हुए कहा कि यहां पवन पुत्र हनुमान जी की कृपा से बाल ब्रहमचारी संत रघुवंशी सभी तरह की बीमारियों की जड़ी बूटी देते हैं, जिससे बहुत सारे लोगों का इलाज हुआ है।

