सोनीपत: हरियाणा के सोनीपत के खरखौदा क्षेत्र के पीपली गांव में पूर्व सरपंच रामनिवास और सिसाना गांव के शराब कारोबारी भूपेंद्र सिंह के बीच सोशल मीडिया पर गाली-गलौज और विवाद ने तूल पकड़ लिया है। आरोप है कि इस विवाद के बाद ही शराब कारोबारी भूपेंद्र सिंह ने पूर्व सरपंच रामनिवास के घर पर फायरिंग की और लाठी-डंडों से हमला किया।

इसका एक वीडियो भी सामने आया है। इसमें भूपेंद्र पूर्व सरपंच के घर खड़ा है। पूछ रहा है कि कहां है तू, देख मैं तेरे घर खड़ा हूं। उधर, रामनिवास के घर पर फायरिंग करने का सीसीटीवी भी सामने आया है। गुरुवार को हुई इस फायरिंग में पूर्व सरपंच रामनिवास के भतीजे नवीन को जांघ में गोली लगी है। नवीन के भाई और एक अन्य की पिटाई भी करने का भी आरोप है। फिलहाल, पुलिस ने आरोपी भूपेन्द्र और अन्य 13-14 लोगों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि घटना से जुड़े कुछ वीडियो सामने आए है, पुलिस इनकी जांच कर रही है। उधर, वारदात के बाद गांव में भी तनाव का माहौल है। ग्रामीण आशंका जता रहे है कि यह झगड़ा बढ़ सकता है। उन्होंने पुलिस प्रशासन से इस मामले में तुरंत कड़ा कदम उठाने की मांग की है।

