सोनीपत: सोनीपत जिले के गन्नौर में एक साल बाद पुलिस ने ब्लाइंड मर्डर का खुलासा किया है। महिला ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर पति की हत्या करवाई थी। हत्या का राज करीब एक साल बाद मृतक के मोबाइल से उजागर हुआ। पुलिस ने महिला और उसके प्रेमी को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों को कोर्ट में पेश कर 2 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है। गन्नौर एसीपी ऋषिकांत ने बताया कि 10 जुलाई 2024 को गांव अगवानपुर के पास एक नाले में एक व्यक्ति का शव बरामद हुआ था। शव के हाथ-पैर बंधे हुए थे। जिससे मामला हत्या का प्रतीत हो रहा था। मृतक की पहचान दिल्ली के अलीपुर स्थित दयाल मार्केट निवासी प्रीतम प्रकाश के रूप में हुई थी।
पत्नी के प्रेमी से थे अवैध संबंध, पति से रहता था झगड़ा
जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि मृतक प्रीतम प्रकाश की पत्नी सोनिया के रोहित के साथ अवैध संबंध थे। आरोपी रोहित सोनीपत के गांव जाजी का रहने वाला है। अवैध संबंधों के कारण पति-पत्नी के बीच अक्सर झगड़ा होता था। हत्या की साजिश के तहत सोनिया ने अपने पति को दिल्ली से गन्नौर बुलाया, जहां पहले से मौजूद रोहित के साथ मिलकर पति की हत्या कर दी गई।
हत्या के बाद प्रेमी को सौंपा मोबाइल, उसी से खुला राज
पुलिस जांच में पता चला कि आरोपी रोहित सोनीपत के गांव जाजी का रहने वाला है, लेकिन वह पिछले एक साल से दिल्ली के अलीपुर में अपनी प्रेमिका सोनिया के साथ छिपकर रह रहा था। वह वहीं आसपास कहीं काम भी कर रहा था। रोहित दिल्ली पुलिस का वांछित हिस्ट्रीशीटर था और पुलिस उसकी तलाश में लगातार निगरानी रख रही थी।