टी-20 वर्ल्डकप 2026 के फाइनल से पहले न्यूजीलैंड के कप्तान मिचेल सैंटनर ने कहा कि ट्रॉफी जीतने के लिए अगर अरबों भारतीय प्रशंसकों का दिल तोड़ना पड़े तो भी उन्हें ऐतराज नहीं होगा। उन्होंने माना कि घरेलू मैदान पर खेलने की वजह से भारत पर खिताब जीतने का दबाव ज्यादा रहेगा। अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में रविवार को होने वाले फाइनल से पहले सैंटनर ने कहा कि मुकाबले में भारत के टॉप ऑर्डर के विकेट अहम होंगे। भारतीय टीम मजबूत है, लेकिन सही समय पर शुरुआती विकेट निकालना मैच का रुख बदल सकता है।
न्यूजीलैंड कप्तान ने कहा कि टीम फाइनल मुकाबले को लेकर उत्साहित है और खिलाड़ियों में अच्छा माहौल है। उनके मुताबिक वर्ल्ड कप फाइनल एक मैच का मुकाबला होता है, इसलिए टीम पूरी तैयारी के साथ उतरेगी। सैंटनर ने बताया कि उन्होंने अभी पिच नहीं देखी है, लेकिन उन्हें उम्मीद है कि अहमदाबाद में रन ज्यादा बन सकते हैं। उन्होंने भारतीय तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह की भी तारीफ की। बुमराह इस टूर्नामेंट में अब तक 10 विकेट ले चुके हैं और उनकी यॉर्कर व बाउंसर किसी भी बल्लेबाज के लिए चुनौती हैं।
वर्ल्ड कप फाइनल का प्रेशर अलग होता है- सैंटनर
सैंटनर ने कहा कि न्यूजीलैंड की टीम पूरे टूर्नामेंट में कई बार मुश्किल हालात से गुजरी है और उन अनुभवों से टीम ने काफी सीखा है। उन्होंने यह भी कहा कि वर्ल्ड कप फाइनल द्विपक्षीय सीरीज से अलग होता है। उन्होंने साफ कहा कि अगर मौका मिला तो न्यूजीलैंड मेजबान टीम की उम्मीदों को तोड़ते हुए ट्रॉफी जीतने से पीछे नहीं हटेगा।

