काठमांडू: नेपाल की अंतरिम पीएम सुशीला कार्की होंगी। राष्ट्रपति भवन में आज रात 8:45 बजे उनका शपथ ग्रहण होगा। नेपाल में तख्तापलट के 3 दिन बाद आर्मी, राष्ट्रपति और Gen-Z नेताओं की कई बैठकों के बाद यह फैसला लिया गया। आज कुलमान घीसिंग, ओम प्रकाश अर्याल, बालानंद शर्मा मंत्री पद की शपथ ले सकते हैं। सुशीला कार्की नेपाल की पहली महिला चीफ जस्टिस रह चुकी हैं। उन्होंने बनारस हिंदू यूनिवर्सिटी (BHU) से पॉलिटिकल साइंस में पोस्ट ग्रेजुएशन किया था। उधर, नेपाल के राष्ट्रपति रामचंद्र पौडेल ने संसद भंग कर दी है। Gen-Z नेता संसद को भंग करने की मांग पर अड़े थे।
दूसरी तरफ, नेपाल में सोशल मीडिया बैन और भ्रष्टाचार के खिलाफ चल रहे आंदोलन के दौरान भारतीय पत्रकारों के साथ मारपीट और बदसलूकी की कई घटनाएं सामने आई हैं। आज भी दो भारतीय पत्रकारों के साथ बदसलूकी और मारपीट की गई। नेपाल में 9 सितंबर को Gen-Z आंदोलनकारियों ने तख्ता पलट किया था। संसद, राष्ट्रपति भवन और पीएम ओली के निजी आवासों को आग लगा दी थी। इस हिंसा में अब तक 51 लोगों की मौत हो चुकी है। 1000 से ज्यादा लोग जख्मी हैं।