वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने बुधवार को संसद में बजट को लेकर अपनी बात रखी। इस दौरान TMC सांसद अभिषेक बनर्जी के GST को लेकर आरोपों पर सीतारमण ने कहा,
अभिषेक बनर्जी की स्पीच पर मुझे दुख हुआ। उन्होंने जनकारी तोड़ मरोड़कर पेश की। GST पर उन्होंने कहा कि जन्म से लेकर मरने तक लोग जीएसटी दे रहे हैं। कहां से ला रहे हैं ये बातें। दूध के ऊपर कब जीएसटी लगा, पढ़ाई पर कब लगा।

इस पर पीछे बैठे केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने कहा कि वहां कट मनी लगती है, इसे फिर सीतारमण ने दोहराया। सीतारमण ने कहा- आप बंगाल में स्टेट GST हटा सकते हैं, पर ऐसा क्यों नहीं कर रहे। पैसा भी चाहते हैं और बदनाम भी कर रहे हैं। आप अगर बंगाल में लोगों पर बोझ कम करना चाहते हैं तो वहां पेट्रोल के दाम दिल्ली से 10 रुपए ज्यादा है, उसे कम कर दीजिए।
राहुल गांधी बोले- अडाणी पर केस मोदी पर दबाव बनाने के लिए
इससे पहले नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने बजट पर चर्चा के दौरान एपस्टीन फाइल्स और अडाणी पर अमेरिका में चल रहे केस का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि अडाणी पर चल रहा केस, दरअसल मोदी पर दबाव बनाने का तरीका है। केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने राहुल को टोकते हुए कहा- आपने जो भी कहा है साबित करिए। इस पर कांग्रेस नेता ने जवाब दिया- अभी देता हूं। तुरंत सारे सबूत देता हूं। हालांकि, स्पीकर ने राहुल को टोक दिया। वहीं, किरेन रिजिजू ने बाद में कहा कि हम राहुल गांधी के खिलाफ संसद में विशेषाधिकार का नोटिस पेश करेंगे।

