सिरसा: सिरसा में BJP उम्मीदवार डॉ. अशोक तंवर की पत्नी अवंतिका और कांग्रेस नेता नवीन केडिया के खिलाफ पुलिस ने केस दर्ज किया है। 25 मई को वोटिंग के दिन कांग्रेस नेताओं ने भाजपा नेताओं पर पैसे बांटने का आरोप लगाया था। जिसके बाद दोनों पक्षों में विवाद बढ़ गया। नवीन केडिया की शिकायत पर अशोक तंवर की पत्नी अवंतिका तंवर, बेटे आदिकर्ता और बेटी पर केस दर्ज हुआ है। वहीं तंवर की पत्नी अवंतिका की शिकायत पर कांग्रेस नेता नवीन केडिया और उनके बेटे नमन केडिया पर केस दर्ज हुआ है। उधर, SP विक्रांत भूषण ने जांच के लिए SIT का गठन कर दिया है। पुलिस ने बाजार में नाके हैं और नवीन केडिया के घर के बाहर सुरक्षा बढ़ा दी है। 25 मई की शाम को जैन स्कूल स्थित मतदान केंद्र के बाहर पैसे बांटने की शिकायत पर कांग्रेस नेता नवीन केडिया और उनके बेटे नमन केडिया पहुंचे थे। वहां डॉ. अशोक तंवर की पत्नी पहले से मौजूद थीं। दोनों के बीच कहासुनी हो गई। इससे कांग्रेस-भाजपा के समर्थक भड़क गए। पत्थरबाजी में नवीन केडिया की गाड़ी के शीशे टूट गए।

