हिसार: सिरसा लोकसभा में इस बार चुनावी मुकाबला दिलचस्प होने वाला है। सिरसा से कांग्रेस ने कुमारी सैलजा को और भाजपा ने डा. अशोक तंवर को टिकट दिया है। खास बात यह है कि दोनों ही प्रत्याशी कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष रह चुके हैं और दोनों ने ही कांग्रेस से अपने राजनीतिक जीवन की शुरुआत की थी।
कुमारी सैलजा 1991 और 1996 में सिरसा लोकसभा क्षेत्र से सांसद रह चुकी हैं। साल 1998 में हुए संसदीय चुनाव में डा. सुशील इंदौरा से पराजित होने के बाद सैलजा ने अंबाला का रुख कर लिया था। अब सैलजा की 26 साल बाद सिरसा में फिर से वापसी हो गई है। 1996 के बाद अब वह 2024 में सांसद का चुनाव सिरसा से लड़ रही हैं।

वहीं सिरसा से भाजपा प्रत्याशी डा. अशोक तंवर ने 2009 के लोक सभा चुनाव सिरसा लोकसभा से चुनाव लड़ा था और यह सीट उन्होंने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी INLD के डा. सीता राम को 35499 मतों के अंतर से हरा कर जीती थी। 2014 में डा. अशोक तंवर इस सीट पर इनेलो के चरणजीत सिंह रोड़ी से हार गए थे। 2019 में उनको भाजपा प्रत्याशी सुनीता दुग्गल ने हराया था।

