हिसार: राजस्थान के चुरू में स्थित सालासर बालाजी मंदिर में हिसार के श्रद्धालुओं से मारपीट का विवाद बढ़ता जा रहा है। मंगलवार को भारतीय किसान सभा के पदाधिकारियों ने सुजानगढ़ SDM के ऑफिस पर प्रदर्शन किया। साथ ही मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन भी सौंपा।

जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश डूडी ने मंदिर को सरकारी नियंत्रण में लेने की मांग की। उन्होंने कहा कि मारपीट करने वाले बाउंसर्स पर कार्रवाई होनी चाहिए। साथ ही मंदिर में आने वाले सोना-चांदी व चढ़ावे का हिसाब सार्वजनिक करने, वीआईपी दर्शन के नाम पर अवैध वसूली रोकने और हनुमान सेवा समिति को भंग करने की मांग की। SDM ओमप्रकाश शर्मा ने हनुमान सेवा समिति को नोटिस जारी कर 2 दिन में स्पष्टीकरण मांगा है। 5 अप्रैल को हिसार का परिवार दर्शन करने के बालाजी मंदिर आया था। उनका आरोप है कि वह अपने एक रिश्तेदार को वीडियो कॉल पर दर्शन करवा रहे थे। तभी वहां मौजूद बाउंसर्स ने उनके साथ मारपीट की। महिलाओं को जमीन पर गिराकर मारा गया। उधर, इस विवाद के बीच भजन सिंगर कन्हैया मित्तल ने कहा कि मैं हिसार के परिवार के साथ हूं। बाउंसरों ने गलत किया, लेकिन पुजारियों को गुंडा कहना गलत है।

