हिसार/महेंद्र गोयल: जिला फतेहबाद विधिक सेवा प्राधिकरण के चेयरमैन एवं जिला एवं सत्र न्यायाधीश डीआर चालिया ने हांसपुर रोड पर स्थित सद्गुरु कृपा अपना घर का निरीक्षण किया। इस अवसर पर मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी एवं प्राधिकरण की सचिव समप्रीत कौर भी मौजूद रही।

सेशन जज डीआर चालिया ने वरिष्ठ बुजुर्गों की समस्याओं को ध्यानपूर्वक सुना। इस अवसर पर उन्होंने बुजुर्गों को विभिन्न जरूरतों व समस्याओं को सुनने के उपरांत प्राथमिकता के आधार पर निपटाने के निर्देश दिए। उन्होंने वहां पर उपस्थित बुजुर्गों से उनके रहन-सहन व खान पान के बारे में पूछताछ की। जिला एवं सत्र न्यायाधीश का स्नेह भरा प्यार देखकर वृद्ध आश्रम में रह रहे बुजुर्गों ने उन्हें अपना आशीर्वाद दिया।

जिला एवं सत्र न्यायाधीश डीआर चालिया ने कहा कि बुजुर्ग हमारी धरोहर है। बुजुर्ग बरगद के पेड़ की तरह हैं और इनकी देखभाल करना हमारा परम कर्तव्य बनता है। उन्होंने कहा कि बुजुर्गों की समस्याओं का निदान प्राथमिकता के आधार पर किया जाए। इस दौरान उन्होंने बुजुर्गों को दी जाने वाली सुविधाओं का भी जायजा लिया। सेशन जज ने वरिष्ठ नागरिकों के स्वास्थ्य के बारे में जानकारी प्राप्त की और उन्हें अच्छा खाने पीने व बदलते मौसम से अपने स्वास्थ्य के प्रति सचेत रहने को कहा। इस अवसर पर अग्रवाल सभा के प्रधान सुभाष गर्ग, स्वामी श्रद्धानंद प्रणामी गौ सेवा चैरिटेबल ट्रस्ट के सदस्य अनिल असीजा आदि मौजूद रहे।

