हरियाणा में 2 दिन बाद मानसून फिर एक्टिव हो गया। आज (21 जुलाई) कुरुक्षेत्र, अंबाला, यमुनानगर और पंचकूला में हल्की से मध्यम बारिश हुई। यमुनानगर में हुई तेज बारिश के बाद जलभराव हो गया। जिससे कारें आधी डूबी हुई चलती नजर आईं। उधर, झज्जर के लडायन गांव में श्मशान घाट की तरफ जाने वाली सड़क पर 3 दिन से बारिश के पानी की निकासी नहीं हो पाई है। रविवार को गांव की 85 वर्षीय शकुंतला की मौत हो गई। गांव से श्मशान भूमि तक के डेढ़ किलोमीटर के रोड पर उन्हें जलभराव मिला। वे पानी में ही अर्थी उठाकर चले। इसका वीडियो भी सामने आया है। कुछ दिन पहले DC स्वप्निल रविंद्र पाटिल गांव का दौरा करने पहुंचे थे। यहां जलभराव पर उन्होंने सिंचाई विभाग के अधिकारियों को पानी निकासी के प्रबंध करने के निर्देश दिए थे। चंडीगढ़ स्थित मौसम विज्ञान केंद्र ने आज दिन भर के लिए 6 जिलों यमुनानगर, अंबाला, पंचकूला, करनाल, कुरुक्षेत्र और कैथल में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। प्रदेश में अब तक सामान्य ये 29 प्रतिशत ज्यादा बारिश दर्ज की गई है। 20 जुलाई तक हरियाणा में औसतन 147.5 प्रतिशत बारिश होनी चाहिए थी, लेकिन 189.9 प्रतिशत बारिश अब तक दर्ज की जा चुकी है।

