फतेहाबाद: ग्रामीण सफाई कर्मियों की हड़ताल आज 14वें दिन भी जारी रही। हड़ताल ग्रामीण सफाई कर्मचारियों ने आज भी अपनी मांगों को लेकर जमकर नारेबाजी की करते हुए स्थाई रोजगार और समान वेतन दिए जाने की मांग उठाई। ग्रामीण सफाई कर्मचारियों ने कहा कि वे 26 अक्टूबर तक हड़ताल बढ़ाते हुए करनाल में वाल्मीकि जयंती पर राज्य स्तरीय अधिकार रैली करेंगे तथा इस रैली से आंदोलन को तेज करने का ऐलान किया जाएगा।

धरने को सम्बोधित करते हुए ग्रामीण सफाई कर्मचारी यूनियन के जिला प्रधान बलबीर सिंह ने कहा कि पिछले 14 दिन से हरियाणा के लगभग 11 हाजर ग्रामीण सफाई कर्मचारी हड़ताल करके स्थाई रोजगार और समान वेतन के लिए लड़ रहे हैं और हड़ताल शुरू होने बाद पंचायत मंत्री देवेंद्र बबली मीडिया में दो बार बयान दे चुके हैं कि सरकार सफाई कर्मियों के मसलों पर गंभीर है, जल्द ही वार्ता करके समाधान किया जाएगा, लेकिन अभी तक भी मंत्री और सरकार ने वार्ता की पहलकदमी नहीं की है, जिससे सफाई कर्मियों में सरकार के खिलाफ गुस्सा और आक्रोश लगातार बढ़ता जा रहा है। कर्मचारी नेता सुनील कुमार, बेगराज व हरपाल सिंह ने कहा कि हरियाणा सरकार वाल्मीकि जयंती मनाकर दलित समुदाय के वोट तो ले लेती है लेकिन उनकी दयनीय हालत को सुधारने के लिए कोई कदम नहीं उठाती। सफाई कर्मियों के पांव धोने का भी नाटक किया जाता लेकिन नौकरी स्थाई नहीं की जाती। 26 अक्तूबर को हड़ताल ग्रामीण सफाई कर्मचारी मुख्यमंत्री के दरवाजे करनाल में जाकर 17 साल से झेल रहे शोषण और बेगार के खात्मे की मांग करते हुए वाल्मीकि जयंती के अवसर पर करनाल में रैली करके पक्की नौकरी के लिए आंदोलन को तेज करेंगे। धरने में ओम प्रकाश, सतीश कुमार, हरपाल सिंह, अमित कुमार, गुरदास, मोहन सिंह, पवन कुमार, दीपक, जगदीश, प्रगट सिंह, बाला देवी, कश्मीर कौर, बिटिया रानी, शारदा इत्यादि अनेक ग्रामीण सफाई कर्मचारी मौजूद रहे।
