अहमदाबाद: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने रविवार को कहा कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी की चुनावों में बार-बार हार डेवलपमेंट की पॉलिटिक्स न समझ पाने का नतीजा है। उन्होंने कहा-
राहुल आप अभी से थकिए मत, आगे भी हारना है। आप पश्चिम बंगाल और तमिलनाडु में भी चुनाव हारेंगे। 2029 में पीएम मोदी के नेतृत्व में BJP एक बार फिर सत्ता में लौटेगी।

अहमदाबाद में एक कार्यक्रम में शाह ने कहा कि कांग्रेस की राजनीति देश की सोच से मेल नहीं खाती। उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी विकास और सुशासन जैसे मुद्दों पर ध्यान देने के बजाय कानूनी और टेक्निकल मुद्दों में उलझे रहते हैं।
शाह ने कहा कि BJP ने भरोसे और जनता की जरूरतों को समझकर शासन किया, इसलिए उसे बार-बार चुनावों में जनादेश मिला। वहीं कांग्रेस लगातार इसलिए हार रही है, क्योंकि वह उन मुद्दों से दूर है जिनका जनता समर्थन करती है।
हमारी सफलता का कारण यह है कि लोग हमारे सिद्धांतों से जुड़े हुए हैं। कांग्रेस ने उन सभी नीतिगत फैसलों का विरोध किया, जिन्हें जनता का समर्थन मिला। कांग्रेस ने राम मंदिर, सर्जिकल स्ट्राइक, आर्टिकल 370, यूनिफॉर्म सिविल कोड, तीन तलाक और अवैध बांग्लादेशी घुसपैठियों को बाहर निकालने के फैसलों का विरोध किया।

