क्रू मेंबर की कमी का सामना कर रही इंडिगो एयरलाइन ने लोगों की मुसीबत बढ़ा दी है। एयरपोर्ट पर अफरा-तफरी है। कई जगह परेशान पैसेंजर्स ने जमकर हंगामा किया। एयरपोर्ट पर सूटकेस के ढेर पड़े हैं। फ्लाइट का इंतजार कर रहे लोगों ने जमीन पर रात गुजारी। फ्लाइट कैंसिल होने के चलते कर्नाटक के हुबली का एक कपल अपने ही रिसेप्शन में ऑनलाइन शामिल हुआ। इस बीच एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इसमें एक परेशान पिता इंडिगो स्टाफ पर चीखा- सिस्टर, मेरी बेटी को सेनेटरी पैड चाहिए। उसे ब्लीडिंग हो रही है।

सरकार ने देश की सबसे बड़ी एयरलाइन कंपनी इंडिगो को रोस्टर (ड्यूटी चार्ट) नियमों से राहत दे दी है। एयरलाइन शुक्रवार को लगातार चौथे दिन क्रू मेंबर्स (पायलट सहित अन्य फ्लाइट स्टाफ) की कमी से जूझती दिखी। इसके कारण शुक्रवार को दिल्ली, बेंगलुरु, पुणे, हैदराबाद सहित कई एयरपोर्ट पर 500 से ज्यादा फ्लाइट्स कैंसिल हो गई हैं।
