लुधियाना लुधियाना में चार महीने पहले लव मैरिज करने वाली युवती की हत्या का मामला सामने आया है। शव किराए के कमरे से बरामद हुआ है, जहां चार-पांच दिन पहले ही दंपती शिफ्ट हुए थे। कमरे को बाहर से बंद किया गया था। शव पूरी तरह सड़ चुका था। मृतका का पति सुनील फरार है। इलाके में दुर्गंध फैलने पर मकान मालिक ने मृतका के परिजनों को सूचना दी। इसके बाद जब उन्होंने ताला तोड़ा तो अंदर शव मिला। मृतका की पहचान राधिका (19) के रूप में हुई है। लुधियाना पुलिस मामले की जांच कर रही है। माना जा रहा है कि उसकी गला घोंटकर हत्या की गई है। इस बीच पता चला कि आरोपी मोबाइल फोन का प्रयोग नहीं करता है।
हाथ बंधे हुए थे, गला घोटकर हुई हत्या
माैके पर पहुंचे लुधियाना पुलिस के एसीपी अनिल भनोट ने बताया कि मृतका की पहचान राधिका के रूप में हुई है। परिजनों के मुताबिक, कुछ महीने पहले उसने लव मैरिज की थी। कुछ दिन पहले ही वे यहां पर शिफ्ट हुए थे। ऐसा लगता है कि उसकी गला घोंटकर हत्या की गई है। पति फरार है। मृतका के हाथ भी बंधे हुए थे। यह साफ है कि उसका मर्डर हुआ है।