लुधियाना: लुधियाना के जगतपुरी इलाके से ठगी का मामला सामने आया है। यहां के रहने वाले राहुल भाटिया ने आरोप लगाया है कि उसके दोस्त ने उसे धोखा देकर लाखों का नुकसान पहुंचाया। पीड़ित राहुल भाटिया ने बताया कि उसके घर के पास रहने वाले पड़ोसी युवक से उसकी पहचान हुई और दोनों के बीच अच्छी दोस्ती बन गई। आरोपी ने उसे ऑनलाइन ट्रेडिंग में निवेश करने के लिए राजी किया और दावा किया कि पैसे कुछ ही दिनों में दोगुने हो जाएंगे।
झांसे में आकर 1 लाख का निवेश किया
झांसे में आकर राहुल भाटिया ने एक लाख रुपए निवेश कर दिए, लेकिन न तो पैसे दुगुने हुए, न ही रकम वापस मिली। राहुल के मुताबिक, बीते दिन आरोपी ने उसे भरोसे में लेकर उसकी एक्टिवा ले जाने की बात कही, यह कहकर कि वह निवेश के पैसे निकालने जा रहा है। थोड़ी देर बाद उसने राहुल से हाथ में पहनी सोने की अंगूठी मांगी, यह कहते हुए कि उसे वैसी ही अंगूठी बनवानी है। भरोसे में आकर राहुल ने अंगूठी भी दे दी, लेकिन आरोपी आरोपी उसके बाद लौटकर नहीं आया।
पुलिस आरोपी को ढूंढने में लगी
जब राहुल भाटिया ने आरोपी के घर जाकर स्थिति पूछी तो उसकी पत्नी ने बताया कि वह दोपहर से घर नहीं लौटा और अपनी बेटियों को भी साथ ले गया है। इसके बाद राहुल भाटिया ने जगतपुरी थाने में शिकायत दर्ज कराई। चौकी इंचार्ज ने बताया कि आरोपी की तलाश जारी है। इस घटना का एक वीडियो भी सामने आया है, की पड़ोसी को एक्टिवा पर आते और राहुल भाटिया से अंगूठी मांगते हुए देखा जा सकता है। वीडियो में साफ दिखता है कि अंगूठी लेने के बाद आरोपी एक्टिवा सहित मौके से फरार हो जाता है।

