रोहतक: हरियाणा के रोहतक में इनेलो के राष्ट्रीय अभय सिंह चौटाला ने DC सचिन गुप्ता को कड़े शब्दों में चेतावनी दी। अभय चौटाला ने लोगों को संबोधित करते हुए DC सचिन गुप्ता को खुद चलकर ज्ञापन लेने आने की बात कही थी। उन्होंने DC को इसके लिए आधे घंटे का अल्टीमेटम दिया था। अभय की चेतावनी मिलने के महज 5 मिनट के भीतर DC वहां पहुंच गए। इसके बाद उन्होंने ज्ञापन लिया।दरअसल, बारिश के कारण खेतों में हुए जलभराव की निकासी न होने के कारण इंडियन नेशनल लोकदल (INLD) की तरफ से शहर में प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शन का नेतृत्व अभय सिंह चौटाला ने किया। वे लोगों के साथ ज्ञापन देने के लिए लघु सचिवालय पहुंचे थे।

- किसानों की चिंता दूर करने आए: DC ऑफिस पहुंचे अभय सिंह चौटाला ने कहा कि प्रदेशभर में खेतों के अंदर पानी खड़ा है। फसल खराब हो गई है। इनेलो को अपने प्रदेश के किसानों की चिंता है, इसलिए किसानों की चिंता दूर करने के लिए डीसी को ज्ञापन देने आए हैं।
- ADC-SDM को ज्ञापन लेने भेजा: अभय चौटाला ने कहा कि को किसानों व लोगों की चिंता नहीं है। किसी के कामकाज की चिंता नहीं है। ADC व SDM को ज्ञापन लेने भेज दिया। DC को आगाह करना चाहता हूं कि डीसी साहब, आप इन लोगों के बॉस नहीं है। लोगों के खून पसीने की कमाई से आपको तनख्वाह मिलती है।
- DC ऑफिस का घेराव करने की चेतावनी: अभय चौटाला ने कहा कि DC की जिम्मेदारी है कि लोगों की सेवा के लिए उनके बीच जाकर बात करें, लोगों की समस्या सुनें। अगर डीसी अपनी जिम्मेदारी नहीं निभाएंगे तो विवश होकर डीसी ऑफिस का घेराव करना पड़ेगा।
- आधे घंटे का दिया अल्टीमेटम: इसके बाद अभय चौटाला ने माइक से कहा कि मैं डीसी को आधे घंटे का समय देता हूं या तो आकर ज्ञापन लें, वर्ना हमारी याददाश्त बहुत अच्छी है, इस बात को ध्यान रखना। अभय अपना भाषण खत्म कर माइक रख ही रहे थे कि इसी दौरान डीसी वहां ज्ञापन लेने पहुंच गए।

