रोहतक: हरियाणा के सीनियर IPS वाई. पूरन कुमार पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाकर आत्महत्या करने वाले ASI संदीप लाठर के परिवार ने पोस्टमॉर्टम से इनकार कर दिया। इसके साथ ही परिजन की शिकायत पर IPS पूरन की पत्नी IAS अमनीत कुमार, उनके भाई AAP विधायक अमित मान और IPS के गनमैन सुशील के खिलाफ FIR हो गई है।

रोहतक के ASP शशि शेखर, SDM आशीष कुमार और सीएम के OSD विरेंदर सिंह परिजन के साथ मीटिंग कर उन्हें पोस्टमॉर्टम के लिए मना रहे हैं, लेकिन परिजन रात में पोस्टमॉर्टम के लिए तैयार नहीं हैं। वे ASI संदीप का शव रोहतक के लाढ़ौत गांव में मामा के घर रखकर बैठे हैं। बुधवार सुबह मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, कैबिनेट मंत्री कृष्ण लाल पंवार और महिपाल ढांडा परिवार को सांत्वना देने के लिए लाढ़ौत गांव पहुंचे। वहीं, इनेलो नेता सुनैना चौटाला ने भी संदीप लाठर के परिवार से मुलाकात की। शाम को पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा और इनेलो प्रमुख अभय चौटाला ने भी परिवार से मुलाकात की। ASI संदीप लाठर ने मंगलवार दोपहर करीब एक बजे धामड़ रोड पर अपने मामा के खेत में बने कोठड़े की छत पर सर्विस रिवाल्वर से गोली मारकर आत्महत्या कर ली थी। आत्महत्या से पहले संदीप लाठर ने एक वीडियो बनाया और 4 पेज का सुसाइड नोट भी छोड़ा। संदीप ने IPS वाई. पूरन कुमार पर भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लगाए हैं।


