हिसार: हरियाणा की इंटरनेशनल रेसलर पूजा ढांडा परिणय सूत्र में बंध गई हैं। हिसार के गांव घिराय के रहने वाले बिजनेसमैन अभिषेक बूरा संग पूजा ने गुरुवार (13 नवंबर) को सात फेरे लिए। इस मौके पर भारतीय कुश्ती संघ के पूर्व अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह भी वर-वधु को आशीर्वाद देने पहुंचे।

बृजभूषण शरण सिंह अपने अंदाज में शादी में नजर आए। उन्होंने पूजा के पिता अजमेर ढांडा से मुलाकात की। इस मौके पर बृजभूषण शरण सिंह ने बातचीत भी की। बातचीत में बृजभूषण शरण ने बताया कि पूजा से उन्होंने 8 साल पहले वादा किया था कि वह उसकी शादी में जरूर आएंगे। इसलिए वह पुराना वादा निभाने के लिए शादी में हिसार आए हैं। बृजभूषण शरण सिंह ने बजरंग और विनेश का नाम लिए बिना दोनों पर निशाना साधते हुए कहा कि एक खिलाड़ी का समय होता है और उनका समय जा चुका है। बृजभूषण ने हंसते हुए कहा कि अच्छा हुआ वह राजनीति में चले गए। उन्होंने सही समय पर सही काम किया है।

दंगल मूवी का ऑफर ठुकराया
पूजा के पिता अजमेर ढांडा पशुपालन विभाग से ड्राइवर रिटायर्ड हुए थे। मां कमलेश ढांडा गृहिणी हैं। इसके अलावा कॉमनवेल्थ गेम्स में मेडल जीत चुकी हैं। पूजा को आमिर खान की दंगल फिल्म में बबीता फोगाट का रोल ऑफर हुआ था, लेकिन इंजरी के चलते मना करना पड़ा। दूल्हे अभिषेक बूरा का परिवार भी खेल से संबंध रखता है। उनके पिता स्वर्गीय सूबे सिंह बूरा कुश्ती के कोच रहे हैं, जबकि दादा शंकर जंग बहादुर का भी खेलों में योगदान रहा है। उनकी बुआ जीवनी देवी ने कई खेलों में मेडल जीते।
यूथ ओलिंपिक में जीता देश के लिए रजत पदक
हिसार के महावीर स्टेडियम से पूजा ने कुश्ती की शुरुआत की थी। आज वह इसी स्टेडियम में बच्चों को कुश्ती की ट्रेनिंग देती हैं। पूजा ने बबीता फोगाट को हराकर ही पहली नेशनल चैंपियनशिप जीती थी। पूजा ढांडा ने यूथ ओलिंपिक में भारत के लिए रजत पदक भी जीता था।

