रेवाड़ी: हरियाणा के रेवाड़ी जिले में बुधवार देर रात घर में सो रहे CRPF के रिटायर जवान की हत्या कर दी गई। उन्हें मारने के लिए 2 बदमाश बाइक पर सवार होकर आए थे। दोनों ने तेजधार हथियार से हमला कर दिया। इसके बाद रिटायर जवान के शव को बिस्तर पर ही लहूलुहान छोड़कर बदमाश भाग गए। हत्या की सूचना मिलने पर खोल थाना पुलिस मौके पर पहुंची। घटना स्थल पर फोरेंसिक एक्सपर्ट को भी बुलाया गया। इसके बाद शव पोस्टमॉर्टम के लिए सामान्य अस्पताल भिजवा दिया है।
पत्नी और बेटे को आते देख भागे बदमाश
पुलिस के अनुसार, रेवाड़ी के गांव जैनाबाद में 65 वर्षीय निहाल सिंह अपने घर में सो रहे थे। बुधवार रात करीब 2 बजे बाइक पर 2 युवक आए। वे CRPF के रिटायर जवान निहाल सिंह के कमरे में घुसे और तेजधार हथियार से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। चिल्लाने की आवाज सुनकर निहाल सिंह की पत्नी व बेटा बाहर निकले तो दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए। शोर मचाने पर आसपास के लोग भी इकट्ठे हो गए। तब तक निहाल की मौत हो चुकी थी। इसकी सूचना पुलिस को दी गई।
नकाबपोश थे बदमाश
CRPF के रिटायर जवान की हत्या करने आए बदमाशों ने चेहरे पर नकाब बांध रखे थे। बदमाशों की बाइक का नंबर भी कोई ग्रामीण नहीं देख पाया। गांव में लगे CCTV भी पुलिस खंगाल चुकी है, लेकिन अभी तक कोई ऐसी फुटेज पुलिस के हाथ नहीं लगी है, जिसमें बदमाश दिख रहे हों।

