हिसार: हरियाणा के हिसार में 25 साल पहले हुए बहुचर्चित विधायक रेलूराम पूनिया फैमिली हत्याकांड में पहली बार बेटी सोनिया का पक्ष सामने आया है। सोनिया इस मर्डर केस में दोषी साबित हो चुकी है और अपने पति संजीव के साथ करनाल जेल में बंद थी। हालांकि, 9 दिसंबर 2025 को जमानत मिलने के बाद वह बाहर आ गई।
जेल से बाहर आने के बाद सोनिया ने एक यूट्यूब चैनल को इंटरव्यू दिया। सोनिया ने बताया कि 23 अगस्त 2001 को मेरा बर्थडे था। इस दिन संजीव ने मुझे शराब पिलाई। उसने कुछ मिलाया था, ताकि मुझे होश न आए। जब होश आया तो वह भाई से लड़ाई होने की बात कहकर चुपचाप घर से ले गया। अगले दिन गाड़ी में बैठाकर जहर देने की कोशिश की, मगर मैं बच गई। वापस घर आई तो सभी की लाशें पड़ी हुई थीं।
सोनिया ने यह भी कहा कि मुझे प्रॉपर्टी का कोई लालच नहीं था। पति संजीव ने सभी 8 लोगों की हत्या की। मुझ पर पिता को खीर में जहर देने के आरोप लगे, जोकि गलत थे। मैंने किसी को जहर नहीं दिया। मैं निर्दोष हूं।
सोनिया ने बताया 23 अगस्त 2001 की रात को क्या हुआ…
- शादी के बाद पहली बार घर में जन्मदिन मनाया: सोनिया ने बताया कि 23 अगस्त 2001 का दिन आते ही आज भी मेरे दिमाग का संतुलन गड़बड़ा जाता है। उस दिन मेरा 19वां जन्मदिन था। शादी के बाद तीसरा बथर्ड था। मैं हर बार शादी के बाद ससुराल में ही जन्मदिन मनाती थी, लेकिन इस बार हमने घर में ही जन्मदिन मनाने का फैसला किया। मेरी मां ने कहा तू आजा। मैं अपने पति के साथ जन्मदिन मनाने अपने पिता के घर चली गई।
- पति ने कहा- तेरी सिस्टर को साथ ले ले: सोनिया ने बताया कि इसके बाद मैं अपनी सिस्टर को लेने विद्या देवी जिंदल स्कूल चली गई। मेरा पति बाहर गाड़ी में बैठा रहा और रजिस्टर में एंट्री करवाकर मैं अपनी सिस्टर को ले आई, क्योंकि मैं उससे बहुत प्यार करती थी। हमने रास्ते में मेरे जन्मदिन के लिए पेस्ट्री भी ली। बरवाला के पास पहुंचे तो पति ने कहा मेरे सिर में दर्द हो रहा है, गाड़ी तू चला ले। इस पर मैंने ड्राइविंग की और वो पीछे कार में सो गया। यह सब उसकी चाल थी, ताकि मायके पहुंचने पर सिक्योरिटी गार्ड की उस पर नजर न पड़े।
- मेरा जन्मदिन मनाने के बाद मूवी देखी: सोनिया ने बताया कि जन्मदिन मनाने के बाद मैं अपने पिता के पास बैठी थी। अपने हाथों से मैंने उनको खीर खिलाई क्योंकि वो शराब पीने के बाद खीर खाते थे। इस दौरान संजीव मेरी मां के पास बैठे रहे। इसके बाद मैं, मेरा भाई और मेरी बहन मूवी देखने लग गए। हमें मूवी देखने का बहुत शौक था। हमने टीवी पर ये रास्ते हैं प्यार के फिल्म देखी। इसके बाद पति ने कहा बहुत देर हो गई है, सो जाओ और हम अपने कमरे में आ गए।

