मॉस्को: पाकिस्तानी पीएम शहबाज शरीफ के रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और तुर्किये के राष्ट्रपति रेसेप तैयप एर्दोगन की मीटिंग में जबरन घुसने वाला वीडियो रशिया टुडे (आरटी न्यूज) ने सोशल मीडिया से हटा दिया है। रशिया टुडे का कहना है कि इसका गलत इस्तेमाल हो सकता है। यह मामला तुर्कमेनिस्तान का है। यहां इंटरनेशनल पीस एंड ट्रस्ट फोरम की मीटिंग हो रही थी। इस दौरान पुतिन और शहबाज के बीच मीटिंग होनी थी। लेकिन शहबाज को 40 मिनट तक इंतजार कराने के बाद भी पुतिन उनसे मिलने नहीं पहुंचे। वायरल वीडियो में दिख रहा है कि पाकिस्तानी पीएम जबरन मीटिंग हॉल में घुस जाते हैं। हालांकि वे 10 मिनट बाद निकल आए। कुछ देर बाद पुतिन मीटिंग हॉल से निकले और पत्रकारों को देखकर आंखों से इशारा किया।वीडियो रशिया टुडे (आरटी न्यूज) ने 12 दिसंबर को शाम 6 बजे यह वीडियो पोस्ट किया था। रात 1 बजे यह वीडियो डिलीट कर दिया।

पुतिन के सामने ईयरफोन नहीं लगा पाए थे शहबाज
यह पहली बार नहीं है जब पुतिन और शहबाज की मुलाकात यूं अजीब तरीके से चर्चा में रही है। जब-जब दोनों नेता मिले हैं, तब-तब ऐसा ही कुछ देखने को मिला है। इससे पहले पुतिन और शहबाज की चीन में SCO समिट के दौरान बीजिंग में मुलाकात हुई थी। तब पुतिन से बात करते वक्त शरीफ अपना इयरफोन ठीक से नहीं लगा पाए थे। इसके बाद पुतिन ने शरीफ को ईयरफोन पहनने का तरीका समझाने की कोशिश की। इस दौरान वे मुस्कुराते भी नजर आए।

