कैथल। कैथल के पूर्व विधायक एवं कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव रणदीप सिंह सुरजेवाला ने पेयजल के मुद्दे पर बिजली मंत्री सहित हरियाणा व पंजाब सरकार को घेरा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश जल संकट से जूझ रहा है और दोनों सीएम एक-दूसरे को लव लेटर लिख रहे हैं। प्रदेश को इस स्थिति से बाहर निकालने के लिए प्रयास किए जाने चाहिए। सुरजेवाला ने ट्वीट कर कहा कि केंद्र सरकार व पंजाब सरकार ने मिलकर हरियाणा को जल संकट में धकेल दिया है। बिजली भाखड़ा ब्यास प्रबंधन बोर्ड बिजली मंत्री के अधीन है। ऐसे में बिजली मंत्री मनोहर लाल खट्टर हरियाणा के हित में कार्रवाई क्यों नहीं कर रहे हैं। भाखड़ा का पानी 8500 क्यूसेक से घटाकर 4000 क्यूसेक कर दिए जाने के कारण हरियाणा के जलघरों को पानी नहीं मिल रहा है। प्रदेश में पहली बार इतना भीषण जल संकट उत्पन्न हुआ है, जिसके कारण पूरे प्रदेश में पेयजल की किल्लत हो गई है। सुरजेवाला ने कहा कि पूरे प्रदेश में आज टैंकर माफिया हावी है। एक-एक टैंकर से हजार रुपए तक वसूली की जा रही है। सरकार बिल्कुल चुप है। जलघर सूखने के कगार पर है। किसी को नहीं पता कि जलघरों में पानी कितने दिन बाद आएगा।

