चंडीगढ़: चंडीगढ़ यूनिवर्सिटी, घड़ूआ के एलएलबी तीसरे वर्ष के छात्र की मोहाली जिले के खरड़ की एक कालोनी में चाकू मारकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने इस मामले में एक लड़की सहित चार आरोपियों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है और जांच शुरू कर दी है। मृतक युवक की पहचान हरियाणा के सोनीपत जिले के गांव गढ़ीबाला निवासी 22 वर्षीय अमन दहिया के रुप में हुई है।
मृतक अमन दहिया हरियाणा के सोनीपत जिले के गांव गढ़ीबाला का निवासी था। अमन के चाचा और वकील अनिल कुमार ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि 1 अप्रैल 2026 की सुबह करीब 3 बजे उन्हें अमन के दोस्त का फोन आया। दोस्त ने बताया कि कुछ लड़कों ने अमन पर चाकू से हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया है और वे उसे अस्पताल ले जा रहे हैं। अमन ने फोन पर अपने चाचा को बताया था कि राम नामक युवक उसे पहले भी कई बार जान से मारने की धमकी दे चुका था। घटना वाली रात करीब 2 बजे अमन अपनी यूनिवर्सिटी की छात्रा लवीसा को उसके फ्लैट छोड़ने गया था। जैसे ही लवीसा फ्लैट के अंदर गई, उसी समय राम, मोनू और विनय वहां पहुंचे और उन्होंने अमन को घेर लिया। आरोप है कि लवीसा ने भी अंदर से आवाज लगाकर कहा, ‘आज इसे जिंदा नहीं छोड़ना।’ लवीसा को आरोपी राम की गर्लफ्रेंड बताया जा रहा है। इसके बाद मोनू और विनय ने अमन को पकड़ लिया, जबकि राम ने चाकू निकालकर उसकी छाती और पीठ पर कई वार किए।
अस्पताल में डॉक्टरों ने किया मृत घोषित
गंभीर रूप से घायल अमन किसी तरह वहां से भागकर एक खाली प्लॉट में गिर गया। उसने अपने दोस्तों को फोन कर मदद मांगी। दोस्त उसे तुरंत सेक्टर-32 स्थित सरकारी अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने अनिल कुमार के बयान के आधार पर आरोपी राम, मोनू, विनय और लवीसा के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत हत्या का मामला दर्ज किया है। पुलिस के अनुसार, शुरुआती जांच में आपसी रंजिश और पुराने विवाद की बात सामने आई है। पुलिस फिलहाल आरोपियों की तलाश कर रही है और मामले की विस्तृत जांच जारी है।
