मोहाली: मोहाली पुलिस ने गैंगस्टर लॉरेंस गैंग के गुर्गे को काबू किया है। पुलिस ने उसे उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले के गांव रणखंडी से गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से 0.30 बोर की चाइना मेड पिस्टल और पांच कारतूस बरामद हुए हैं। उसकी पहचान गुरपाल सिंह के तौर पर हुई है। यह आरोपी गैंगस्टर गोल्डी बराड़ और लॉरेंस के इशारे पर काम करता था। 6 नवंबर को मोहाली पुलिस और लॉरेंस के गुर्गों के बीच में जीरकपुर कस्बे के VIP रोड पर मुठभेड़ हुई थी। इसमें पुलिस ने गोली लगने के बाद एक गैंगस्टर मनजीत सिंह उर्फ गुरी को गिरफ्तार कर लिया था। जबकि दूसरा भागने में कामयाब हो गया था। पुलिस द्वारा गिरफ्तार किया गया गुरपाल सिंह वही आरोपी है जो उस दिन एनकाउंटर के दौरान फरार हो गया था।
गिरफ्तार मनजीत सिंह उर्फ गुरी से पूछताछ में सामने आया कि गुरपाल सिंह मौके से फरार होकर उत्तर प्रदेश भाग गया है। उन्होंने कुछ दिन पहले ही डेराबस्सी में दो अज्ञात युवकों से हथियार लिए थे। वह युवक मोटरसाइकिल पर आए थे। दोनों ने जीरकपुर में ही किसी बड़ी वारदात को अंजाम देना था। पुलिस को अब गैंगस्टर गुरपाल की गिरफ्तारी के बाद इस गिरोह से जुड़े हुए कई अन्य सदस्यों की गिरफ्तारी की उम्मीद है। पुलिस सूत्रों के अनुसार आरोपी उत्तर प्रदेश में अपना हुलिया बदलकर रह रहा था। उसने सिर और दाढ़ी के बाल कटवा रखे थे, लेकिन जीरकपुर पुलिस अपने खुफिया सूत्र और इंटेलिजेंस की मदद से आरोपी तक पहुंच गई। मामले में जीरकपुर के थाना प्रभारी सिमरजीत सिंह का कहना है कि उनकी एक टीम शुरुआत से ही आरोपी के पीछे लगी हुई थी। आरोपी बार-बार अपनी लोकेशन बदल रहा था। इस कारण उसे पकड़ने में थोड़ा समय लगा है।

