हरियाणा: हरियाणा में बाढ़ को लेकर हाई अलर्ट है। सिरसा में घग्गर नदी डेंजर लेवल पर है। फरीदाबाद में यमुना और कुरुक्षेत्र में मारकंडा नदी कल से ओवरफ्लो चल रही है। हालात बिगड़ते देख सरकार ने पब्लिक हेल्थ विभाग के सभी अधिकारियों और कर्मचारियों की छुट्टियां रद्द कर दी हैं। उनके स्टेशन छोड़ने पर रोक लगा दी गई है।
CM नायब सैनी ने 2 से 5 सितंबर तक का UAE दौरा रद्द कर दिया है। यह फैसला भारी बारिश के अलर्ट और पहाड़ों में हो रही बरसात के बाद लिया गया है। वहीं फतेहाबाद में गड्ढे में कार डूबने से एक की मौत हो गई। वहीं, नारनौल में बांध में डूबने से किसान की मौत हो गई। आज (31 सितंबर) 12 जिलों, हिसार, पानीपत, सोनीपत, गुरुग्राम, रोहतक, भिवानी, अंबाला, चरखी दादरी, पंचकूला, जींद, पलवल और फतेहाबाद में बारिश हो रही है। लगातार बारिश के बाद प्रदेश पर बाढ़ का खतरा मंडराने लगा है। हिसार, फतेहाबाद, जींद और सोनीपत में तेज बारिश से सड़कें-गलियां तालाब बन गई हैं। हिसार में जहां 33 केवी आर्य नगर पावर हाउस तक में पानी घुस गया, जिसके बाद बिजली काटनी पड़ी। वहीं उत्तर रेलवे के जम्मू मंडल में भारी वर्षा से कठुआ-माधोपुर पंजाब स्टेशनों के बीच ब्रिज पर तकनीकी दिक्कत हो गई है। इसे देखते हुए कल चलने वालीं 10 ट्रेनें रद्द कर दी गई हैं। कृषि विश्वविद्यालय, हिसार के मौसम विभागाध्यक्ष डॉ. मदन खीचड़ के मुताबिक, 1 सितंबर तक प्रदेश में हल्की से तेज बारिश हो सकती है।