महेंद्रगढ़ जिले के अटेली बीडीपीओ कार्यालय में मंगलवार को एंटी करप्शन ब्यूरो (एसीबी) ने रेड मारी। इस कार्रवाई में कार्यालय के क्लर्क पवन कुमार और उसके सहयोगी ईश्वर सिंह को 40 हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ पकड़ा गया। छापेमारी ड्यूटी मजिस्ट्रेट कुलबीर के नेतृत्व में और एसीबी अधिकारी वेदप्रकाश की अगुआई में की गई। हालांकि अधिकारियों ने मीडिया से छुपाने का प्रयास किया कि उन्होंने क्या कार्रवाई की। शिकायतकर्ता हरिराम निवासी मिर्जापुर ने एसीबी में शिकायत दी थी कि उसकी दुकान के पास पंचायत की जमीन लगती है, जिस पर विभाग को दीवार बनाने का प्रावधान है। दीवार बनने के बाद उसकी दुकान का रास्ता बंद हो जाता। हरिराम ने बताया कि बीडीपीओ कार्यालय के क्लर्क पवन कुमार ने उससे कहा कि यदि वह पंचायती जमीन पर दीवार नहीं बनवाना चाहते तो इसके बदले पहले एक लाख रुपए देने होंगे। जिसके बाद बात 40 हजार रुपए में बात तय हो गई। बिचौले ने कहा कि पैसे देने पर ही उसका काम रुक सकेगा। क्लर्क की इस मांग से परेशान होकर हरिराम ने इसकी शिकायत एसीबी को दी।
मीडियेटर से पहुंचाई जा रही राशि
शिकायत की जांच के बाद एसीबी ने योजना बनाकर मंगलवार को अटेली बीडीपीओ कार्यालय में छापा मारा। टीम ने मौके पर निगरानी रखते हुए पाया कि शिकायतकर्ता द्वारा दी गई राशि मीडिएटर ईश्वर सिंह के माध्यम से क्लर्क पवन कुमार तक पहुंचाई जा रही थी। जैसे ही दोनों ने रिश्वत की रकम ली, टीम ने तुरंत घेराबंदी कर उन्हें काबू कर लिया।

