रोहतक: हरियाणा के रोहतक में महर्षि दयानंद यूनिवर्सिटी (MDU) में 4 महिला कर्मचारियों से पीरियड्स का सबूत मांगा गया। इतना ही नहीं, उनके कपड़े उतरवाकर सैनिटरी पैड की फोटो भी खिंचवाकर देखी गई। हंगामा होने के बाद आरोपी सुपरवाइजर को सस्पेंड कर दिया गया है। घटना 26 अक्टूबर की है। मामला तब सामने आया, जब महिलाओं ने घटना के फोटो-वीडियो हरियाणा महिला आयोग को भेजे। आयोग ने बुधवार को यूनिवर्सिटी प्रशासन से सुपरवाइजर को बर्खास्त करने को कहा है।
- देर से काम पर पहुंची थीं महिला सफाईकर्मी: मामला 26 अक्टूबर का है। इस दिन हरियाणा के राज्यपाल असीम कुमार घोष भी MDU में थे। वे 3 दिन के दौरे पर रोहतक पहुंचे थे। उसी दिन सुबह MDU में कुछ महिला सफाई कर्मी थोड़ी देरी से यूनिवर्सिटी पहुंचीं।
- महिलाओं ने सुपरवाइजर को महिलाओं वाली बीमारी की बात बताई: महिलाओं के पहुंचते ही सुपरवाइजर विनोद कुमार और वितेंदर कुमार ने उन्हें घेर लिया और देरी से आने का कारण पूछा। पहले महिलाएं इधर-उधर की बातें करती रहीं, लेकिन बाद में उन्होंने बताया कि उन्हें महिलाओं वाली बीमारी हुई थी। इसलिए उन्हें आने में थोड़ी देर हो गई।
- सुपरवाइजर ने कपड़े उतारने को कहा: इस पर सुपरवाइजर झल्ला उठा और महिलाओं से कहने लगा कि तुम लोग बहाने बना रही हो। अगर सच बोल रही हो तो सबूत दिखाओ, कपड़े उतारो। पीड़ित महिलाओं ने बताया कि सुपरवाइजर ने एक महिला कर्मी से कहकर उनके कपड़े उतरवाए और देखा। इस पर महिला कर्मचारियों में रोष पैदा हुआ।
- महिलाओं ने हंगामा किया: सुपरवाइजर की बातें सुनकर महिलाकर्मियों को गुस्सा आ गया और उन्होंने मौके पर हंगामा शुरू कर दिया। यह घटना पूरी यूनिवर्सिटी में तेजी से फैल गई। MDU में महिला सफाई कर्मचारियों के साथ सुपरवाइजर के इस व्यवहार की जब छात्र संगठनों को सूचना मिली तो वह भी जमा हो गए और हंगामा शुरू कर दिया।
- सुपरवाइजर से धक्कामुक्की की: महिला कर्मियों और छात्रों ने सुपरवाइजर विनोद और वितेंदर के साथ धक्कामुक्की की। उन्हें पकड़कर पीटना चाहा, लेकिन मौके पर यूनिवर्सिटी का स्टाफ भी मौजूद था। उन्होंने सुपरवाइजर को बचा लिया।
- कुलपति ने सुपरवाइजर पर कार्रवाई के आदेश दिए: थोड़ी ही देर में एमडीयू के रजिस्ट्रार डॉ. कृष्णकांत गुप्ता और कुलपति राजवीर सिंह मौके पर पहुंचे। उन्होंने मामला समझा और तुरंत दोनों सुपरवाइजरों को सस्पेंड करने का आदेश दिए। निलंबन के दौरान ये दोनों रोहतक में ही रहेंगे और बिना अनुमति स्टेशन नहीं छोड़ पाएंगे। थोड़ी देर में यूनिवर्सिटी में पुलिस भी पहुंची। वह सुपरवाइजरों को अपने साथ लेकर चली गई।

