चंडीगढ़: पंजाब के फरीदकोट में खेती-मजदूरी करने वाली महिला की डेढ़ करोड़ रुपए की लॉटरी निकली है। महिला जमींदार के खेतों में काम करती है। पति पिछले 4 साल से लॉटरी टिकट खरीद रहे थे, लेकिन इस बार उसने पत्नी के नाम टिकट लिया तो उनकी लॉटरी लग गई। लॉटरी गांव सैदेके की रहने वाली महिला नसीब कौर ने जीती है। उनके पति राम सिंह ने बताया कि वह पहले अपने नाम पर टिकट खरीद रहे थे, लेकिन इस बार पत्नी के नाम 200 रुपए की मंथली टिकट लेते ही करोड़पति बन गए।
लॉटरी जीतने से पहले पति-पत्नी की माली हालत काफी कमजोर थी, उनके पास मोबाइल तक नहीं था। यहां तक की लॉटरी जीतने की बात भी दुकानदार को खुद उनके आकर बतानी पड़ी।
मोबाइल तक नहीं, लॉटरी दुकानदार ने घर आकर बताया
राम सिंह ने बताया कि उन्होंने ये टिकट पत्नी के नाम पर दुकानदार सादिक से खरीदी थी। लॉटरी लगने पर बेचने वाले दुकानदार ने घर आकर उन्हें जीतने की बात बताई। जब लॉटरी टिकट ली तब घर के हालात ऐसे थे कि उनके पास मोबाइल तक नहीं था। जिस कारण दुकानदार उन्हें इसकी जानकारी नहीं दे पाया था, वह क्लेम का फॉर्म भरने के लिए घर आया तो उन्हें पता चला।
पहली बार चंडीगढ़ आए
पति-पत्नी जिंदगी में पहली बार चंडीगढ़ आए हैं और वो भी इसलिए ताकि उन्हें लॉटरी का इनाम मिल सके। वह आज यहां कागजी कार्रवाई करके गए हैं। बता दें कि नसीब कौर के चार बच्चे हैं, तीन बेटियां और एक बेटा, सभी शादीशुदा हैं।

