नई दिल्ली/चंडीगढ़/भोपाल/लखनऊ: उत्तर भारत के राज्यों से लौट रहा मानसून इन दिनाें दक्षिणी राज्यों में एक्टिव है। मौसम विभाग ने आज महाराष्ट्र, ओडिशा, केरल, तमिलनाडु और आंध्र प्रदेश में बारिश का अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग ने तिरुवनंतपुरम, कोल्लम, पाथनमथिट्टा, अलप्पुझा, कोट्टायम, इडुक्की और एर्नाकुलम के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। तिरुवनंतपुरम में स्कूल-कॉलेज बंद हैं। हैदराबाद में खराब मौसम के कारण 3 फ्लाइट डायवर्ट करनी पड़ीं। तमिलनाडु के कन्याकुमारी में भी भारी बारिश के कारण स्कूल-कॉलेज बंद रखे गए हैं।
बंगाल की खाड़ी में बने लो प्रेशर सिस्टम से 28 सितंबर तक महाराष्ट्र और ओडिशा के कई हिस्सों में बारिश की संभावना है। ओडिशा में 18 जिले हाई अलर्ट पर हैं। पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली में मानसून विदा हो चुका है। गुजरात, राजस्थान, उत्तराखंड, हिमाचल और जम्मू-कश्मीर के कुछ हिस्सों से अभी मानसून बाकी है। मध्यप्रदेश से अगले 48 घंटों में मानसून सीजन खत्म हो सकता है। मानसून के महाराष्ट्र से 5 अक्टूबर से पहले लौटने की उम्मीद नहीं है।
मराठवाड़ा: 8 जिलों के बारिश प्रभावित किसानों को 1500 करोड़ की मदद
महाराष्ट्र सरकार ने राज्य के मराठवाड़ा क्षेत्र में इस साल मई से अगस्त के बीच भारी बारिश के कारण फसल नुकसान झेलने वाले किसानों को सहायता राशि वितरित करने के लिए 1,500 करोड़ रुपए आवंटित किए हैं। मराठवाड़ा के आठ जिलों में मूसलाधार बारिश और बाढ़ आई थी, और फसल नुकसान का आकलन करने का काम अभी चल रहा है। 20 सितंबर से मराठवाड़ा में भारी बारिश और उफनती नदियों ने बड़े पैमाने पर नुकसान पहुंचाया है, जिसमें 9 लोगों की जान जा चुकी है। बाढ़ ने राज्य के कुछ हिस्सों, खासकर मराठवाड़ा क्षेत्र में लाखों एकड़ में लगी फसलों को नष्ट कर दिया है।