हरियाणा के भिवानी में किसान रवि आजाद को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आजाद पर नाबालिग लड़की से छेड़छाड़ और जातिसूचक शब्द कहने का आरोप है। बुधवार देर शाम डीएसपी आर्यन चौधरी की मौजूदगी में सिवानी थाने में उनसे पूछताछ की गई।
उनकी गिरफ्तारी की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में लोग सिवानी थाने के बाहर जमा हो गए। सिवानी पुलिस ने बाद में भीड़ को थाने से बाहर निकाला। पुलिस रवि आजाद को अपनी गाड़ी में लोहारू कोर्ट ले गई है। एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि रवि को केस से जुड़े सबूत मिटाने के मामले में गिरफ्तार किया है।

लड़की के पिता बोले- किडनैपिंग की कोशिश की
नाबालिग के पिता ने बताया था कि किसान नेता रवि आजाद ने गलत काम किया है। वह एक बार नहीं कई बार गलत हरकत कर चुका है। पहले हमने उसे नजरअंदाज कर दिया था। 8 दिसंबर को वह अपने 2-3 साथियों के साथ आया। उसने लड़की के साथ गलत काम करते हुए गाड़ी में किडनैप करने की कोशिश की। हमें जान से मारने की धमकी दी।
12 दिसंबर को दर्ज हुआ था मामला
व्यक्ति ने कहा था कि पहले भी इस प्रकार की घटना हो चुकी है। DSP के सामने लड़की ने बयान दिए हैं। जिसके बाद DSP ने उन्हें आश्वासन दिया है कि केस दर्ज करके उचित कार्रवाई की जाएगी। 12 दिसंबर को बहल थाने में रवि आजाद व अन्य के खिलाफ एससी/एसटी और पॉस्को एक्ट में मामला दर्ज किया गया था।

