कोलकाता: भारत ने टी-20 वर्ल्ड कप में अपना सबसे बड़ा रनचेज करते हुए सेमीफाइनल में जगह पक्की कर ली। आखिरी सुपर-8 मुकाबले में टीम इंडिया ने 196 रन के लक्ष्य को 19.2 ओवर में हासिल कर वेस्टइंडीज को 5 विकेट से हराया।
ईडन गार्डन्स में जीत के हीरो संजू सैमसन रहे, जिन्होंने नाबाद 97 रन की पारी खेलकर विराट कोहली का रिकॉर्ड तोड़ दिया। वे टारगेट का पीछा करते हुए भारत की ओर से सबसे बड़ी पारी खेलने वाले प्लेयर बने। भारत ने टी-20 वर्ल्ड कप में छठी बार सेमीफाइनल में जगह बना ली। इस उपलब्धि के साथ टीम ने पाकिस्तान और इंग्लैंड की बराबरी कर ली है। दोनों टीमें भी 6-6 बार अंतिम-4 में पहुंच चुकी हैं।
वेस्टइंडीज के खिलाफ 196 रन का लक्ष्य हासिल कर भारत ने टी-20 वर्ल्ड कप में अपना सबसे बड़ा रनचेज दर्ज किया। इससे पहले 2014 में टीम ने साउथ अफ्रीका के खिलाफ 173 रन चेज किए थे। ओवरऑल यह टूर्नामेंट इतिहास का तीसरा सबसे बड़ा रनचेज रहा। इससे बड़ा चेज 2016 में वानखेड़े स्टेडियम में इंग्लैंड ने साउथ अफ्रीका के खिलाफ 230 रन बनाकर किया था।

