चण्डीगढ़: आने वाली 22 जनवरी को विश्व में एक नया इतिहास लिखा/रचा जाने वाला है। इस दिन श्री अयोध्या धाम में श्री राम मंदिर में रामलला की प्रतिमा की प्राण प्रतिष्ठा होगी। इस तारीख के स्वागत के लिए चण्डीगढ़ में स्थानीय भाजपा के नवनियुक्त कोषाध्यक्ष प्रदीप बंसल की अगुआई में श्रीराम सेवा कृपा ट्रस्ट का गठन किया गया हैं जो चण्डीगढ़ को 22 जनवरी से पूर्व राममय कर देगा। इस नवगठित संस्था में क्षेत्र के अनेक प्रभावशाली धार्मिक, राजनीतिक एवं सामाजिक गणमान्य जन शामिल हैं जिनमें प्रख्यात भजन गायक कन्हैया मित्तल तो सर्वोपरि हैं ही, साथ ही वरिष्ठ भाजपा नेता रामबीर भट्टी, महापौर अनूप गुप्ता, जगमोहन गर्ग, सतप्रकाश अग्रवाल, हरिंदर बुद्धिराजा टीटू, नवराज मित्तल आदि-आदि हस्तियां शामिल हैं। शहर के माहौल को पूर्ण राम भक्ति के रंग में रंगने हेतु कार्यक्रमों की रूपरेखा तय करने के लिए बीते दिन भाजपा के स्थानीय उपाध्यक्ष रामबीर भट्टी के नेतृत्व में एक बैठक हुई जिसमे स्वयंसेवी विशिष्ट मंडल का गठन हुआ। सेक्टर 45 स्थित श्री सनातन धर्म मंदिर में हुई इस बैठक में कई धार्मिक संस्थाओं ने भाग लिया और तय किया कि सर्वप्रथम 15 जनवरी को एक विशाल कलश यात्रा का आयोजन किया जाएगा। यह कलश यात्रा सेक्टर 23 के सनातन धर्म मंदिर से शुरू होकर सेक्टर 22, सेक्टर 21 से होते हुए सेक्टर 34 के एग्जिबिशन ग्राउंड में संपूर्ण होगी। वहां पर भजन सम्राट कन्हैया मित्तल द्वारा भजन कीर्तन का कार्यक्रम किया जाएगा। तत्पश्चात 16 और 17 जनवरी को विख्यात कवि कुमार विश्वास की रामकथा का भव्य आयोजन होगा। इस बैठक में शहर के विभिन्न धार्मिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया जिनमें प्रमुख रूप से श्री राम सेवा कृपा ट्रस्ट, हिंदू पर्व महासभा, देवालय पूजक परिषद्, ओ३म् महादेव कावड़ सेवा दल, बालाजी प्रचार मंडल, भारत विकास परिषद्, गौरीशंकर सेवा दल, केंद्रीय रामलीला कमेटी व अन्य संस्थाओं के प्रतिनिधियों अरुणेश अग्रवाल, हनी गुलाटी, सुनील अरोड़ा, मामचंद राणा, भूपेंद्र शर्मा, एस. सी. गुप्ता, रमेश निक्कू, जिला अध्यक्ष रविंद्र पठानिया, मनीष भसीन, गौरव गोयल, सुनीता भट्ट, महापौर अनूप गुप्ता, पार्षद राजेंद्र शर्मा, मनोनीत पार्षद नरेश पांचाल, ओमप्रकाश शास्त्री आदि उपस्थित रहे। कलश यात्रा को सुचारू रूप से चलाने हेतु उपरोक्त सभी संस्थाओं से पुर्णतः सहयोग की मांग की गयी और कहा गया कि हजारों की संख्या में रामभक्त इस कार्यक्रम में शामिल होंगे और महिलायें पावन कलशों को अपने सर पर रख कर आगे-आगे चलेंगी, पीछे-पीछे बैंड और अन्य श्रद्धालुगण पदयात्रा करेंगे। कार्यक्रम की रूपरेखा को लेकर जल्द ही सभी लोग एकत्र होकर बैठक का आयोजन करेंगे और सभी संस्थाओं को कोई न कोई जिम्मेदारी प्रदान की जाएगी। सेक्टर 34 स्थित एग्जीबिशन ग्राउंड में प्रधानमंत्री मोदी जी की राजनीतिक जनसभा व निरंकारी माता के प्रवचनों के धार्मिक कार्यक्रम से लेकर युवा क्रेज अरिजित सिंह के मनोरंजन कार्यक्रमों जैसे वृहदतम आयोजन सफलतापूर्वक व काफी सुचारू ढंग से आयोजित किए जा चुके हैं। इन कार्यक्रमों में बड़ी भारी संख्या में भीड़ जुटी थी। अब राम कथा के इस विशालतम आयोजन में नए प्रतिमान स्थापित होने के पूरे-पूरे आसार हैं। उल्लेखनीय है कि श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र अभियान समिति, चण्डीगढ़ पहले से ही श्री अयोध्या धाम में विधिवत पूजित अक्षत, निमंत्रण एवं श्री राम जी के चित्र शहर के लगभग 3 लाख घरों तक पहुंचाने में व्यस्त हैं। यहां ये भी उल्लेखनीय है कि पहले श्री बागेश्वर धाम के धीरेंद्र शास्त्री जी का 6 से 8 जनवरी का विशाल कार्यक्रम रखा गया था जो किसी कारणवश रद्द हो गया था।

