पंचकूला: हरियाणा के पंचकूला में पंजाब के पूर्व DGP मोहम्मद मुस्तफा के बेटे अकील अख्तर की मौत का मामला उलझता जा रहा है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में एक अहम खुलासा हुआ है। अकील के शरीर पर, दाहिनी कोहनी से 7 सेंटीमीटर ऊपर, एक सिरिंज का निशान मिला है। अकील की मौत के बाद उसकी ड्रग्स एडिक्शन की बात तो सामने आई थी, लेकिन इंजेक्शन से नशे का कहीं जिक्र नहीं हुआ।
मेडिकल एक्सपर्ट की मानें तो नशा करने का आदी व्यक्ति शुरुआत में इंजेक्शन खुद को बाएं हाथ पर ही लगाता है, क्योंकि यह आसान होता है। जब बाएं हाथ पर बार-बार इंजेक्शन लगने से निशान बन जाते हैं और व्यक्ति अभ्यस्त हो जाता है, तब वह दाएं हाथ पर लगाता है। लेकिन, चूंकि अकील अख्तर इसका आदी नहीं रहा होगा, इसलिए उसके हाथ पर केवल एक ही निशान मिला है।

उधर, अकील के पिता पूर्व DGP मोहम्मद मुस्तफा ने कहा कि मेरे बेटे को करीब 18 साल से साइकोटिक डिसऑर्डर (मनोरोगी) था। वो नशा भी करता था। 2007 में उसकी तबीयत बिगड़नी शुरू हो गई थी। उसकी मौत को लेकर लोग राजनीति कर रहे हैं। वो अक्सर नशे की हालत में हिंसक हो जाता था। एक बार मेरी बहू की जान जाते-जाते बची। तब मैंने खुद बेटे को पुलिस के हवाले किया था।
16 अक्टूबर को घर पर बेसुध मिला
अकील अख्तर (35) की 16 अक्टूबर की देर रात पंचकूला में सेक्टर 4 स्थित घर में मौत हुई थी। परिवार उसे रात करीब 9:30 बजे पंचकूला सेक्टर-6 अस्पताल लेकर पहुंचा, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। परिवार ने बताया कि अकील घर पर बेसुध अवस्था में मिला था और शायद दवाओं की ओवरडोज के कारण उसकी हालत बिगड़ी थी। अकील को उत्तर प्रदेश में सहारनपुर के हरडा गांव में सुपुर्द-ए-खाक किया गया।

17 अक्टूबर को पंचकूला पुलिस को शिकायत
अकील की मौत के बाद 17 अक्टूबर को पंजाब के मलेरकोटला के मॉडल टाउन निवासी शमशुद्दीन ने पंचकूला कमिश्नर को शिकायत दी। इसी दिन पंचकूला में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर शमशुद्दीन ने कहा कि 27 अगस्त को अकील ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर एक वीडियो पोस्ट किया था। जिसमें अकील कह रहा था कि मुझे पूर्व DGP पिता के अपनी पत्नी से अवैध संबंध होने का पता चल गया। वह पत्नी मेरी थी, लेकिन शादी जैसे डैड से की हो। इसके बाद से परिवार के लोग मेरी हत्या की साजिश कर रहे हैं।
20 अक्टूबर को मामला दर्ज हुआ
पंचकूला के मनसा देवी थाने में शमशुद्दीन की शिकायत पर 20 अक्टूबर की रात को पूर्व DGP मोहम्मद मुस्तफा, पंजाब की पूर्व मंत्री रजिया सुल्ताना, अकील की बहन व पत्नी के खिलाफ हत्या और आपराधिक साजिश का मुकदमा दर्ज किया। साथ ही पुलिस ने ACP विक्रम नेहरा के नेतृत्व में स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम (SIT) गठित की। उनके साथ टीम में इंस्पेक्टर पृथ्वी, PSI पूजा, सब इंस्पेक्टर प्रकाश और साइबर एक्सपर्ट के तौर पर PSI रामास्वामी शामिल हैं।
21 अक्टूबर को शिकायतकर्ता से पूछताछ
SIT टीम ने 21 अक्टूबर को शिकायतकर्ता शमशुद्दीन को पूछताछ के लिए मनसा देवी थाने बुलाया। शमशुद्दीन सुबह करीब साढ़े 11 पहुंचे, जिनसे शाम करीब 5 बजे तक पूछताछ चली। SIT ने उनसे केस से जुड़े तथ्य जुटाए और केस में शिकायतकर्ता बनने की खास वजह भी जानी। शमशुद्दीन ने खुद को अकील अख्तर की मां एवं पूर्व मंत्री रजिया सुल्ताना के मायके का पड़ोसी बताया।

