फतेहाबाद। फतेहाबाद की सतीश कॉलोनी में बीती देर शाम कार सवार पति-पत्नी पर हुई ताबड़तोड़ फायरिंग में घायल पति बलराज ऊर्फ गोली ने आज तड़के हिसार के निजी अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। चिकित्सकों का कहना है कि गोली पेट के पास से होते हुए आंत में जा फंसी थी। रुक्का मिलते ही फतेहाबाद पुलिस की टीम हिसार रवाना हो गई है। पुलिस ने देर रात 3 बजे गोली की पत्नी पूजा की शिकायत पर दो लोगों के खिलाफ हत्या प्रयास का मामला दर्ज किया था, अब मामले में मौत होने के बाद हत्या की धारा जोड़ी जा रही है। उधर दोपहर को परिजनों ने लाल बत्ती पर जाम लगा दिया और कहा कि जब तक हत्यारोपियों की गिरफ्तारी नहीं होती, तब तक वे जाम नहीं खोलेंगे। पुलिस उन्हें समझाने में जुटी है।
युवक बलराज उर्फ गोली फतेहाबाद की शिवपुरी के पीछे काठमंडी का रहने वाला था। उसके ऊपर 27 से ज्यादा आपराधिक मामले दर्ज होने की बात सामने आई है। इनमें हत्या प्रयास जैसा मामला भी शामिल है। ज्यादातर मामले नशा तस्करी से जुड़े हुए बताए जा रहे हैं। जानकारी सामने आई है कि अधिकतर मामलों में वह बरी हो चुका था। बताया जा रहा है कि अब पिट एनडीपीएस के एक मामले में वह काफी समय से जेल में था। हाल फिल्हाल के दिनों में ही जेल से बाहर आया था। चूंकि युवक का आपराधिक रिकॉर्ड रहा है, इसलिए माना जा रहा है कि इन्हीं किन्हीं मामलों में रंजिशन उसके ऊपर हमला किया गया है।
बता दें कि काठमंडी निवासी बलराज उर्फ गोली कल शाम को अपनी पत्नी पूजा के साथ कार में सवार होकर मातु राम कॉलोनी में बीघड़ रोड की तरफ आ रहा था। अचानक पीछे से आए बाइक सवार दो-तीन युवकों ने कार रुकवा ली और कार पर फायरिंग शुरू कर दी थी। मौके से आधा दर्जन खोल बरामद हुए थे, इसलिए माना जा रहा है कि 5 से 6 राऊंड फायरिंग हुई, जिससे कार के दोनों तरफ के शीशे टूट गए। इसके बाद युवक अपनी पत्नी को लेकर जान बचाने के लिए घटना स्थल के सामने ही स्थित एक कन्फेक्शनरी की दुकान में घुस गया। जिसके बाद हमलावर मौके से फरार हो गए। यहां से उसकी पत्नी उसे अन्य लोगों की सहायता से लहु लूहान हालत में निजी अस्पताल ले गई, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे हिसार रेफर कर दिया गया था। घटना के बाद सीन ऑफ क्राइम की टीम, डीएसपी व शहर थाना की पुलिस टीमें मौके पर पहुंची थीं। दुकान में काफी मात्रा में खून बिखरा पड़ा और गाड़ी के ईर्द-गिर्द गोलियों के खोल बरामद हुए थे। लोगों से पुलिस ने बात करनी चाही तो किसी ने भी इस बारे में स्पष्ट जानकारी नहीं दी।
घटना स्थल के पास ही स्थित शनि मंदिर के बाहर बैठी एक महिला ने इतना जरूर बताया कि गाड़ी को एकाएक बाइक सवार युवकों ने रुकवया और तड़ातड़ गोलियां चलने की आवाजें आने लगी। पास ही में बच्चे खेल रहे थे तो उन्होंने बच्चों को पकड़कर मंदिर के अंदर भेजा ताकि कोई अनहोनि न हो। देखते ही देखते कार से खून से लथपथ युवक एक युवती के साथ बाहर निकलता है और सामने की दुकान में जाकर शटर बंद करता है। इतने में बाइक सवार युवक वहां से भाग जाते हैं।
मामले में पुलिस ने बनसुधार सिरसा निवासी संजय और खेमा खाती चौक फतेहाबाद निवासी विकास के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस को दी शिकायत में मृतक गोली की पत्नी पूजा ने बताया कि कल शाम को वह अपने पति के साथ स्वामी नगर में अपने प्लाट देखने के बाद घर की तरफ आ रहे थे कि सतीश कॉलोनी के पास में बने एक स्कूल के पास पीछे से आए बाइक सवारों को ने कंडक्टर साइड से शीशे पर फायर किया, इसके बाद आगे जाकर उसके पति ने गाड़ी रोकी तो दो-तीन युवकों ने पीछा करते हुए उसके पति को ऊपर फायरिंग कर दी। जिससे गोली उसके पति के पेट में जा लगी। पूजा के अनुसार उसके बाद उसे पर भी फायरिंग की गई, लेकिन वह बच गई और वह अपने पति को लेकर एक दुकान में घुसकर शटर बंद करके अपनी जान बचाई। पूजा ने युवकों की पहचान संजय और विकास के रूप में की। उधर शव को फतेहाबाद लाने के बाद दोपहर को परिजनों का गुस्सा फूट पड़ा। परिजनों व अन्य लोगों ने हत्या आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर शहर के बीचोंबीच पडऩे वाले लाल बत्ती चौक पर जाम लगा दिया है। उन्होंने कहा कि जब तक गिरफ्तारी नहीं होती, तब तक वे डेड बॉडी का अंतिम संस्कार नहीं करेंगे।

