पंजाब में वेयरहाउस के डिस्ट्रिक्ट मैनेजर (DM) गगनदीप सिंह रंधावा के सुसाइड केस में आम आदमी पार्टी (AAP) सरकार के पूर्व मंत्री लालजीत भुल्लर को गिरफ्तार कर लिया गया है। अमृतसर के DCP रविंदर पाल ने कहा कि उन्होंने फतेहगढ़ साहब पुलिस की मदद से लालजीत सिंह भुल्लर को मंडी गोबिंदगढ़ से गिरफ्तार किया है। DCP ने कहा- भुल्लर को कल कोर्ट में पेश करेंगे। भुल्लर को लेकर पुलिस अमृतसर रवाना हो गई है। वहीं, लालजीत सिंह भुल्लर ने सोशल मीडिया (फेसबुक) पर पोस्ट डालकर दावा किया कि उन्होंने सरेंडर किया है। गिरफ्तारी के बाद राज्यपाल गुलाबचंद कटारिया ने भुल्लर का इस्तीफा मंजूर कर लिया है। परिवार कल रंधावा के पोस्टमॉर्टम के लिए मान गया है। फिलहाल उनकी लाश अमृतसर के अस्पताल में रखी गई है। DCP ने बंद कमरे में परिवार के साथ बात की।
परिवार ने फोन देने से मना किया DCP परिवार से गगनदीप का मोबाइल भी लेना चाहते थे। DCP ने कहा कि उसमें कुछ सबूत हो सकते हैं। लेकिन परिवार ने देने से मना कर दिया। पत्नी ने कहा कि- CBI से जांच कराई जाए। अब इस मामले की जांच CBI को सौंपी जा सकती है। कांग्रेस सांसद गुरजीत औजला ने लोकसभा में यह मुद्दा उठाया। जिसके बाद केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि वह CBI को जांच दे देंगे। शाह ने लोकसभा में कहा-
यह पंजाब राज्य का मामला है। पंजाब के सारे सांसदों से मेरा निवेदन है कि मुझे लिखकर दे दें, मैं केस CBI को ट्रांसफर कर दूंगा।

इसके बाद कांग्रेस के 7 में से 4 सांसदों ने अमित शाह को लेटर भेज दिया। लेटर पर जालंधर से सांसद चरणजीत सिंह चन्नी, गुरदासपुर से सांसद सुखजिंदर सिंह रंधावा, अमृतसर के सांसद गुरजीत सिंह औजला और पटियाला से सांसद धर्मवीर गांधी के साइन हैं। इसके साथ अकाली दल की बठिंडा से सांसद हरसिमरत कौर बादल ने भी लेटर लिखा।

