पानीपत: हरियाणा के पानीपत में 2 भाइयों के जमीनी विवाद में एक पक्ष को CIA-1 इंचार्ज सब इंस्पेक्टर संदीप चहल ने फोन पर एनकाउंटर की धमकी दी। CIA इंचार्ज ने कहा कि नौकरी से पहले मैं बदमाश था। पीड़ित ने इसकी ऑडियो रिकॉर्ड कर ली। इसके बाद मामले की शिकायत SP को दी गई। SP ने मामले की गंभीरता को देखते हुए इंचार्ज को तत्काल प्रभाव लाइनहाजिर कर दिया। साथ ही उसके खिलाफ विभागीय जांच भी खोल दी। अब SP भूपेंद्र सिंह ने CIA-3 प्रभारी इंस्पेक्टर विजय को CIA-1 की अतिरिक्त जिम्मेदारी सौंप दी है। वहीं, DSP सिटी आत्माराम को सब इंस्पेक्टर संदीप के मामले की जांच सौंपी गई है।
- दो भाइयों के झगड़े में IO था इंचार्ज:
- सनौली थाने में शिकायत देकर रामफल ने बताया कि वह नंगला पार गांव का रहने वाला है। 23 अक्टूबर की रात 1:29 बजे पर उसके बेटे राजन के फोन पर CIA – 1 इंचार्ज SI संदीप का फोन आया। 2 साल पहले उसके भाई आजाद के साथ हुए झगड़े में संदीप इन्वेस्टिगेशन ऑफिसर (IO) था।
- झगड़े वाली जमीन को CIA इंचार्ज ने खरीदा: रामफल ने बताया कि उनके परिवार का जमीनी विवाद है। झगड़े वाली जमीन को इंचार्ज संदीप ने खरीद लिया। जिस बारे में उसने राजन को फोन करके बताया। राजन ने कहा कि आपने जमीन लेने के बाद यह बात बताई है, जबकि आपको पहले ही बताना चाहिए था। हालांकि राजन ने यह भी कहा कि अभी भी अगर आपने जमीन ली है तो मुझे इसमें कोई एतराज नहीं है।

- इंचार्ज बोला- नौकरी से पहले भी मैं बदमाश था: रामफल के मुताबिक, SI संदीप ने धमकी भरे शब्दों में कहा कि मैं पहले भी कई एनकाउंटर कर चुका हूं। नौकरी से पहले भी मैं अपने गांव का बदमाश रहा हूं, अगर मेरे सामने आया तो तुझे खो दूंगा। संदीप यहीं नहीं रुका, उसने सरकारी नंबर से राहुल, चिंटू, संदीप भोला निवासी गांव सिवाह से मेरे को फोन पर धमकी दिलवाई।
- SI संदीप बोला- मुझसे पंगा मत ले: रामफल ने कहा कि वे उसके बेटे को जान से मार देंगे। फोन पर उसने कहा कि मेरे साथी बदमाश है। मेरे एक साथी सुनील का एनकाउंटर हो चुका है। मुझसे पंगा मत ले। सरकारी अधिकारी होने के साथ संदीप ने सरकारी नंबर से बेटे राजन को बदमाशों से और खुद गोली मारने की धमकी दिलवाई। इसके बाद मेरे बेटे ने रात 1:06 बजे पर डायल 112 पर फोन भी किया। रात में कई फोन आए।

- पीड़ित बोला- परिवार को जान का खतरा: रामफल का कहना है कि धमकी भरे फोन के बाद मेरे परिवार में डर बना हुआ है। मेरा इकलौता लड़का है। SI संदीप, राहुल, संदीप भोला, चिंटू से जान का खतरा बना हुआ है। हमें पुलिस सुरक्षा दी जाए और धमकी देने वालों पर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जानी चाहिए।

