पानीपत: हरियाणा राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देशों के बाद पानीपत जिला परिषद के अध्यक्ष पद के चुनाव की सरगर्मी तेज हो गई है। उपायुक्त एवं निर्धारित प्राधिकारी की ओर से जारी आधिकारिक सूचना के अनुसार, जिला परिषद के प्रधान (अध्यक्ष) का चुनाव आगामी 28 जनवरी को सुनिश्चित किया गया है। चुनाव प्रक्रिया लघु सचिवालय स्थित उपायुक्त कार्यालय के बैठक हॉल में की जाएगी।
आधिकारिक पत्र के अनुसार, चुनाव के लिए सभी 16 निर्वाचित सदस्यों की बैठक 28 जनवरी को सुबह 11 बजे बुलाई गई है। चुनाव प्रक्रिया की शुरुआत सदस्यों के स्वागत और हाजिरी के साथ होगी। इसके तुरंत बाद, 11:30 बजे दो-तिहाई बहुमत की उपस्थिति सुनिश्चित होने पर अध्यक्ष पद के चुनाव के लिए निर्देश दिए जाएंगे।
नामांकन से लेकर नतीजे तक का पूरा शेड्यूल
प्रशासन ने पूरी चुनाव प्रक्रिया को पारदर्शी और त्वरित बनाने के लिए समय निर्धारित किया है। 11:45 बजे से नामांकन फॉर्म प्रस्तुत किए जाएंगे। इसके बाद जांच, नाम वापसी और ईवीएम (EVM) तैयार करने की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। मतदान दोपहर 1:15 बजे से शुरू होगा और दोपहर 2:00 बजे तक मतगणना पूरी कर परिणाम की घोषणा कर दी जाएगी।
इन सदस्यों पर टिकी है नजर
इस चुनावी बैठक के लिए वार्ड नंबर 1 से 17 तक के सभी सदस्यों को सूचना भेज दी गई है। इनमें उप-प्रधान आर्य सुरेश मलिक, आकाश पौडिया, रणदीप सिंह, अन्नू, संदीप, रेखा रानी, जगवीर सिंह, सुदेश रानी, सुंदर, ज्योति, राजेश कुमार, ममता देवी, नारायण दत्त, प्रियंका तोमर, पूजा और जितेन्द्र कुमार शामिल हैं।
