इस्लामाबाद: पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद में हुए आत्मघाती बम विस्फोट को लेकर प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ और रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ ने अलग-अलग दावे किए हैं। PM शहबाज ने इस हमले के लिए भारत को जिम्मेदार बताया है। जबकि रक्षामंत्री ख्वाजा आसिफ ने अफगान सरकार पर हमले का आरोप लगाया। पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद के डिस्ट्रिक्ट कोर्ट के पास मंगलवार दोपहर फिदायीन हमला हुआ था। इसमें 12 लोगों की मौत हो गई, जबकि 36 घायल हैं। अधिकारियों ने बताया कि हमलावर का सिर घटनास्थल पर मिला है, जिससे आत्मघाती हमले की पुष्टि हुई।

धमाके के बाद अदालत परिसर को खाली कराया गया
धमाके के समय कोर्ट हाउस इलाके में भारी ट्रैफिक था, जिसके कारण आसपास खड़े कई लोग भी घायल हो गए। सभी घायलों को तुरंत पीआईएमएस अस्पताल ले जाया गया। धमाके के बाद इलाके की घेराबंदी कर दी गई और सुरक्षा बलों ने पूरे क्षेत्र को सील कर दिया। अदालत परिसर को खाली करा लिया गया। वकीलों, न्यायाधीशों और अन्य नागरिकों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। न्यायिक परिसर के पीछे से लोगों को बाहर जाने की अनुमति दी गई, जबकि न्यायाधीशों को भी वहां से सुरक्षित स्थान पर पहुंचा दिया गया।

